20 मई को लालकुआं के मेडिकल स्टोर भी रहेंगे बंद , दवा व्यापारियों ने किया ऐलान।
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान तथा उत्तराखण्ड औषधि व्यवसायी महासंघ के निर्देश पर लालकुआं क्षेत्र के दवा व्यापारियों ने 20 मई को एक दिवसीय मेडिकल स्टोर बंद रखने का ऐलान किया है। दवा व्यापारी जीएसआर 817, जीएसआर 220 और कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा दवाओं पर दिए जा रहे भारी डिस्काउंट का विरोध कर रहे हैं।
बंद को सफल बनाने के उद्देश्य से संजीवनी मेडिकल स्टोर में आयोजित बैठक में व्यापारियों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ नाराजगी जताई। केमिस्ट क्लब अध्यक्ष राजकुमार सेतिया ने कहा कि जीएसआर 817 एवं जीएसआर 220 जैसे प्रावधान छोटे और मध्यम दवा व्यापारियों के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं। वहीं बड़ी कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा भारी छूट देकर पारंपरिक मेडिकल स्टोर संचालकों के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा किया जा रहा है।
व्यापारियों ने कहा कि यदि इन नीतियों पर पुनर्विचार नहीं किया गया तो दवा व्यवसाय से जुड़े हजारों छोटे कारोबारी प्रभावित होंगे। बैठक में सर्वसम्मति से 20 मई के प्रस्तावित बंद को पूर्ण समर्थन देने का निर्णय लिया गया।
दवा व्यापारियों ने सरकार से मांग की कि छोटे व्यवसायियों के हितों की रक्षा करते हुए संबंधित नियमों में आवश्यक संशोधन किए जाएं तथा कॉर्पोरेट सेक्टर की मनमानी पर रोक लगाई जाए। साथ ही संगठन की एकजुटता और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी लिया गया।
बैठक में जिला केमिस्ट एसोसिएशन के जिला महामंत्री गोपाल अधिकारी, ड्रगिस्ट महामंत्री गिरीश जोशी, कोषाध्यक्ष अरोड़ा, महामंत्री आशीष भाटिया, अनीश अहमद, डॉ. मनोहर लाल, हरीश बिसौती, अनिल गिरधर, आशु अरोड़ा, नीरज, कुलदीप सिंह, अनूप भाटिया, भोपाल, सुभाष बाबू, नीरज जोशी, विश्वजीत, विश्वनाथ, मुन्ना मित्तल, रजत, राधा, गिरीश पंत, आलोक बवेजा सहित लालकुआं-बिंदुखत्ता क्षेत्र के कई मेडिकल स्टोर संचालक मौजूद रहे।
