“आपका रक्त, बदल सकता है किसी का वक्त”
रक्तदान शिविर को लेकर हल्दूचौड़ में निकली जागरूकता रैली!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी। संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा रविवार को आयोजित होने वाले विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के प्रचार-प्रसार एवं लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को हल्दूचौड़ क्षेत्र में एक विशाल जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में निरंकारी सेवादारों, युवाओं एवं श्रद्धालुओं ने भाग लेकर समाज को मानव सेवा का संदेश दिया।
संत निरंकारी मण्डल हल्दूचौड़ के मुखी प्रताप सिंह बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता जी के पावन आशीर्वाद से ‘मानव एकता दिवस’ के उपलक्ष्य में देशभर में रक्तदान शिविरों एवं सत्संग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। यह दिवस युगप्रवर्तक बाबा गुरबचन सिंह जी की लोककल्याणकारी सोच एवं मानवता सेवा को समर्पित है।
उन्होंने बताया कि संत निरंकारी मिशन की समाज कल्याण शाखा संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में 10 मई को प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक पंचायत घर शिवमंदिर, गौला रोड हल्दूचौड़ में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।
रक्तदान शिविर से पूर्व लोगों को जागरूक करने के लिए निकाली गई रैली पंचायत घर शिवमंदिर, गौला रोड हल्दूचौड़ से शुरू होकर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से गुजरते हुए निरंकारी सत्संग भवन, गोपिपुरम में सम्पन्न हुई। रैली में शामिल सेवादार हाथों में बैनर एवं तख्तियां लेकर “रक्तदान महादान” और “एक बूंद रक्त, अनेक जीवन सुरक्षित” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को प्रेरित करते नजर आए।
मुखी प्रताप सिंह बिष्ट ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। मिशन वर्ष 1986 से बाबा हरदेव सिंह जी महाराज के प्रेरणादायी संदेश “रक्त नाड़ियों में बहना चाहिए, नालियों में नहीं” को सार्थक करते हुए निरंतर रक्तदान शिविर आयोजित कर रहा है। आज सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज इसी मानव सेवा और भाईचारे के संदेश को आगे बढ़ा रहे हैं।
रैली के समापन पर क्षेत्रवासियों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान शिविर एवं सत्संग कार्यक्रम में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करें तथा कार्यक्रम को सफल बनाएं।
