रूद्रपुर में सांसद अजय भट्ट की दिशा बैठक—योजनाओं की गहन समीक्षा, अफसरों को समयबद्ध कार्यों के सख्त निर्देश।
कलेक्ट्रेट सभागार में जल-जमाव, पेयजल, स्वास्थ्य, सड़क, खेल व शिक्षा परियोजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा।
रूद्रपुर। दर्पण न्यूज 24×7 डेस्क।
सांसद अजय भट्ट ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक लेते हुए केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समी
क्षा की। सांसद ने कहा कि दिशा बैठकों की मॉनिटरिंग स्वयं प्रधानमंत्री करते हैं, अतः अधिकारी पूरी गंभीरता के साथ योजनाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करें। उन्होंने अधिकारियों को बैठक में पूरी तैयारी के साथ उपस्थित रहने और आपसी समन्वय के साथ कार्यों को धरातल पर उतारने के निर्देश दिए, ताकि जनता को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।
बैठक के दौरान ब्रिडकुल के परियोजना प्रबंधक की अनुपस्थिति पर सांसद ने मुख्य विकास अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब करने को कहा।
जल जीवन मिशन, पेयजल योजनाओं पर कड़ी नजर
सांसद ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत खुदाई के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता से दुरुस्त करने के निर्देश दिए। गदरपुर के बुक्सौरा क्षेत्र में लीकेज टंकी की मरम्मत और नगर पंचायत कौशल्या पूरी की पेयजल योजना की डीपीआर को शीघ्र अंतिम रूप देने को कहा। पेयजल विभाग ने बताया कि योजना की डीपीआर अमृत योजना के तहत स्वीकृत हो चुकी है।
ईएसआईसी अस्पताल: विशेषज्ञ डॉक्टरों की भारी कमी पर चिंता
ईएसआईसी अस्पताल की समीक्षा में सांसद भट्ट ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी पर चिंता जताई। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि 24 स्वीकृत विशेषज्ञ पदों में केवल 3 विशेषज्ञ कार्यरत हैं। सांसद ने मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर अन्य अस्पतालों को रेफर करने और आवश्यक स्टाफ व उपकरणों का प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश दिए।
रूद्रपुर में केंद्रीय विद्यालय 2026-27 सत्र से शुरू होगा
जिलाधिकारी ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय के संचालन हेतु समाज कल्याण विभाग का पुराना छात्रावास चिन्हित किया गया है, जहां मरम्मत कार्य प्रगति पर है। विद्यालय सत्र 2026-27 से प्रारंभ कराने की योजना है।
सड़क, बिजली, गैस पाइपलाइन कार्यों पर कार्रवाई तेज करने के निर्देश
सांसद ने रूद्रपुर बाईपास कार्य की गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए बाजपुर, गदरपुर और IGL के समीप सर्विस मार्गों के चौड़ीकरण के निर्देश दिए।
ट्रांजिट कैंप, शक्तिगढ़, काशीपुर सहित अन्य क्षेत्रों में जर्जर विद्युत पोल बदलने और झूलते तार दुरुस्त करने को कहा।
खेल सुविधाओं का विस्तार
काशीपुर स्टेडियम के पुनर्निर्माण की आवश्यकता पर जोर देते हुए सांसद ने शीघ्र डीपीआर तैयार करने को कहा। खिलाड़ियों को बॉक्सिंग, कराटे व ताइक्वांडो किट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
गौशालाओं, शहरों के ड्रेनेज प्लान और सड़कों की स्थिति की समीक्षा
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 6 गौशालाएं स्वीकृत हो चुकी हैं, जिनकी डीपीआर शासन को भेज दी गई है। रूद्रपुर, काशीपुर, खटीमा और सितारगंज के ड्रेनेज प्लान भी शासन को प्रेषित किए गए हैं।
सांसद ने सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
लेवड़ा नदी में बाढ़ रोकथाम के लिए 21 करोड़ की योजना
सिंचाई विभाग ने बताया कि लेवड़ा नदी में बाढ़ नियंत्रण कार्य के लिए प्रथम चरण में 9 करोड़ और दूसरे चरण में 12 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया है।
फोरेंसिक यूनिवर्सिटी भवन हेतु भूमि चिन्हित
जिलाधिकारी ने बताया कि किच्छा में फोरेंसिक यूनिवर्सिटी भवन हेतु भूमि चिन्हित कर ली गई है।
अन्य योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा
समीक्षा में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, मनरेगा, एनआरएलएम, एनएचएम, पीएमGSY, कृषि योजनाएं, पीएम फसल बीमा, सम्मान निधि, अमृत योजना, आईसीडीएस, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पीएम मातृ वंदना, टीबी उन्मूलन, पीएम पोषण, रोजगार सृजन कार्यक्रम तथा समग्र शिक्षा अभियान शामिल रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को सांसद द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन और कार्यों में तेजी लाने को कहा।
बैठक में क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री उत्तम दत्ता, ब्लॉक प्रमुख, दिशा समिति सदस्य, जिला स्तरीय अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
