डिजिटल खेती की ओर बढ़ता नैनीताल: एग्रीस्टैक में किसानों का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य, डीएम ने दिए तेजी लाने के निर्देश!
नैनीताल। राज्य में डिजिटल कृषि व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से संचालित डिजिटल कृषि मिशन के तहत एग्रीस्टैक योजना में किसानों का पंजीकरण अनिवार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपद में किसानों का रजिस्ट्रेशन अपेक्षानुसार कम पाए जाने पर संबंधित विभागों को अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी एवं जिला सहायक निबंधक को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद के अधिक से अधिक किसानों का एग्रीस्टैक योजना के अंतर्गत शीघ्र पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को सरकारी योजनाओं, कृषि ऋण, सब्सिडी तथा बीज एवं उर्वरकों का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से मिल सके।
उन्होंने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री कार्य में तेजी लाने के लिए राजस्व परिषद के निर्देशों के क्रम में सहकारिता, ग्राम विकास एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि एग्रीस्टैक एक डिजिटल मंच है, जिसका उद्देश्य कृषि क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों को एकीकृत कर किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से किसानों को सस्ते कृषि ऋण, उच्च गुणवत्ता वाले कृषि संसाधन, स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप कृषि सलाह तथा बाजारों तक आसान और जानकारीपूर्ण पहुंच मिल सकेगी।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपना पंजीकरण कराकर डिजिटल कृषि योजनाओं का लाभ उठाएं।
— दर्पण न्यूज 24/7
