








नैनीताल की नौ ग्राम पंचायतें पीएम आदर्श ग्राम योजना में चयनित, लाखों के विकास कार्य होंगे शुरू!
दर्पण न्यूज 24/7 | भीमताल संवाददाता
भीमताल। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत नैनीताल जिले की नौ ग्राम पंचायतों को आदर्श ग्राम के रूप में चयनित किया गया है। इन गांवों में अब बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों पर लाखों रुपये खर्च किए जाएंगे। योजना के क्रियान्वयन को लेकर समाज कल्याण विभाग ने मूलभूत सुविधाओं के आकलन एवं सर्वेक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि चयनित ग्राम पंचायतों में भीमताल ब्लॉक का सूर्यागांव, धारी ब्लॉक के दुदली और जलना नील पहाड़ी, रामनगर ब्लॉक की जोगीपुरा, बेतालघाट ब्लॉक की कांडा, रामगढ़ ब्लॉक के मुक्तेश्वर और जौरासी, तथा कोटाबाग ब्लॉक के बिधरमपुर और महरोरा गांव शामिल हैं।
इन गांवों में पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का सर्वेक्षण कराया जाएगा। इसके बाद संबंधित विवरण को पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा और गांवों में साइन बोर्ड भी स्थापित किए जाएंगे।
योजना के तहत सर्वेक्षण कार्य और साइन बोर्ड स्थापित करने के लिए इच्छुक एवं पात्र फर्म और एजेंसियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन के साथ पंजीकरण प्रमाण-पत्र, जीएसटी विवरण और कार्य अनुभव संबंधी दस्तावेज अनिवार्य होंगे। इसके लिए अंतिम तिथि 26 जनवरी निर्धारित की गई है।
अधिकारियों के अनुसार, इस योजना से चयनित ग्रामों में आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जाएगा और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे समग्र ग्रामीण विकास को गति मिलेगी।
