खबरें शेयर करें -

क्या अब मोहन दा के खेत की फसल काटेंगे दीपेंद्र कोश्यारी? बिंदुखत्ता में कल धामी के ‘सियासी खाद-पानी’ पर टिकी निगाहें!
भगत दा के राजस्व गांव पर नियम बदलने वाले बयान के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बिंदुखत्ता दौरा बना सियासी कौतूहल, क्या लोकथात महोत्सव के मंच से लिखी जाएगी नई राजनीतिक पटकथा? 2027 की टिकट की जंग में दीपेंद्र की दावेदारी को मिलेगी धार या मोहन दा की राजनीतिक फसल पर मंडराएगा संकट?
प्रमोद बमेटा | दर्पण न्यूज 24/7
बिंदुखत्ता (लालकुआं)। लालकुआं विधानसभा की सियासी जमीन पर इन दिनों कुछ ऐसी हलचल है, जिसकी तपिश भाजपा के भीतर टिकट की दावेदारी करने वाले नेताओं तक साफ महसूस की जा सकती है। 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे संभावित दावेदारों के बीच अब सवाल उठने लगा है कि क्या मौजूदा विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट के खेत में लहलहाती राजनीतिक फसल को इस बार भगत दा के भतीजे दीपेंद्र सिंह कोश्यारी काटेंगे? और क्या मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का सोमवार को प्रस्तावित बिंदुखत्ता दौरा इस सियासी खेती के लिए खाद-पानी का काम करेगा?
बिंदुखत्ता का लोकथात महोत्सव अब केवल लोकसंस्कृति और परंपराओं का आयोजन नहीं रह गया है। 21 नवंबर को पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के आगमन और उनके सामने राजस्व गांव का मुद्दा उठने के बाद इस आयोजन ने राजनीतिक रंग ले लिया है। अब 23 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आगमन ने इस चर्चा को और हवा दे दी है।
राजनीतिक गलियारों में इस दौरे को महज एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की उपस्थिति के रूप में नहीं देखा जा रहा। सवाल यह है कि क्या धामी बिंदुखत्ता की दशकों पुरानी राजस्व गांव की मांग पर कोई ऐसा ऐलान करेंगे, जो क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों को बदलने की ताकत रखता हो? और क्या इस दौरे से दीपेंद्र कोश्यारी की 2027 की दावेदारी को भी कोई नई राजनीतिक ऊर्जा मिलेगी?
भगत दा ने उठाई राजस्व गांव पर नियम बदलने की बात, ग्रामीणों ने मांगे दस्तावेज।
दरअसल, बिंदुखत्ता में भगत सिंह कोश्यारी का सामना उस सवाल से हुआ, जिसे यहां के लोग वर्षों से सत्ता और व्यवस्था के सामने उठाते रहे हैं। ग्रामीणों ने सुप्रीम कोर्ट में मामला लंबित होने के दावे पर उनसे याचिका की प्रति और मुकदमे का नंबर तक मांग लिया। ग्रामीणों का साफ कहना था कि यदि मामला वास्तव में सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन है तो उसके दस्तावेज सार्वजनिक किए जाने चाहिए।
भगत सिंह कोश्यारी ने इस मुद्दे पर कागजी आधार की जरूरत बताते हुए केंद्र सरकार तक बात पहुंचाने का भरोसा दिया। साथ ही नियमों में बदलाव की संभावनाओं पर भी चर्चा की। उनके इस रुख के बाद बिंदुखत्ता के लोगों की उम्मीदें बढ़ीं, लेकिन अब निगाहें मुख्यमंत्री धामी पर हैं।
अब धामी की बारी, क्या राजस्व गांव के इतिहास में दर्ज होगा नया अध्याय?
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का सोमवार का कार्यक्रम भी जारी हो चुका है। वह श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले में शामिल होने के बाद दोपहर करीब 1:45 बजे बिंदुखत्ता के संजय नगर-1 स्थित सरस्वती शिशु मंदिर मैदान में लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव में प्रतिभाग करेंगे। इसके बाद उन्हें बनबसा के लिए रवाना होना है।
यानी मुख्यमंत्री का बिंदुखत्ता में कार्यक्रम सीमित समय का है, लेकिन राजनीतिक और जनसरोकारों के लिहाज से इसका महत्व काफी बड़ा हो गया है।
बिंदुखत्ता के हजारों परिवार वर्षों से राजस्व गांव के दर्जे की मांग कर रहे हैं। वनाधिकार के सवाल से लेकर जमीन के अधिकार और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तक अनेक समस्याएं इसी मांग से जुड़ी हैं। ऐसे में यदि मुख्यमंत्री इस दिशा में कोई ठोस घोषणा करते हैं या समयबद्ध कार्ययोजना सामने रखते हैं तो यह क्षेत्र के इतिहास में महत्वपूर्ण कदम हो सकता है।
लेकिन यदि मंच से केवल आश्वासनों की बारिश होती है तो ग्रामीणों के मन में उठे सवालों का जवाब फिर अधूरा ही रह जाएगा।
दीपेंद्र के खेत में खाद-पानी डालने आ रहे हैं धामी?
इस पूरे घटनाक्रम का दूसरा पहलू भाजपा की अंदरूनी राजनीति से जुड़ा है। भगत सिंह कोश्यारी के भतीजे दीपेंद्र सिंह कोश्यारी युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हैं और लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में लगातार अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा रहे हैं। 2027 के चुनाव में उनकी संभावित दावेदारी को लेकर भी चर्चाएं जारी हैं।
ऐसे में पहले चाचा भगत सिंह कोश्यारी का बिंदुखत्ता पहुंचना और उसके ठीक बाद मुख्यमंत्री धामी का यहां प्रस्तावित दौरा राजनीतिक विश्लेषण के लिए कई सवाल छोड़ रहा है।
क्या यह महज संयोग है कि एक ओर भगत दा अपने भतीजे की राजनीतिक जमीन मजबूत करने के लिए क्षेत्र में सक्रिय दिखाई दे रहे हैं और दूसरी ओर मुख्यमंत्री धामी भी उसी क्षेत्र में पहुंचने वाले हैं? क्या इस दौरे से दीपेंद्र की राजनीतिक दावेदारी को अप्रत्यक्ष रूप से कोई संजीवनी मिलेगी?
हालांकि मुख्यमंत्री के दौरे को दीपेंद्र की उम्मीदवारी से जोड़ने का कोई आधिकारिक आधार नहीं है, लेकिन राजनीति में समय और घटनाक्रम भी अपने मायने रखते हैं। ऐसे में चर्चाओं का बाजार गर्म होना स्वाभाविक है।
क्या मोहन दा की राजनीतिक फसल पर पड़ेगी नजर?
लालकुआं विधानसभा में मौजूदा विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट के सामने 2027 में अपनी राजनीतिक जमीन बचाए रखने की चुनौती भी कम नहीं है। भाजपा के भीतर नवीन दुमका, उमेश शर्मा, कमलेश चंदोला, देवेंद्र बिष्ट, कमल मुनि और दीपेंद्र सिंह कोश्यारी सहित कई नाम संभावित दावेदारों की चर्चाओं में हैं।
ऐसे में सवाल केवल दीपेंद्र की राजनीतिक सक्रियता का नहीं, बल्कि यह भी है कि क्या पार्टी आगामी चुनाव में मौजूदा विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट पर ही भरोसा जताएगी या किसी नए चेहरे को मौका देने का प्रयोग करेगी?
क्या मोहन दा के खेत में अब तक की मेहनत का फल उन्हीं को मिलेगा या दीपेंद्र कोश्यारी की राजनीतिक फील्डिंग के बीच फसल काटने का मौका किसी नए चेहरे को मिलेगा? यह फैसला भाजपा का शीर्ष नेतृत्व करेगा, लेकिन बिंदुखत्ता का घटनाक्रम इस चुनावी मुकाबले को अभी से दिलचस्प बना रहा है।
जनता को चाहिए अधिकार, नेताओं को चाहिए राजनीतिक जमीन!
इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम में एक बात सबसे महत्वपूर्ण है। बिंदुखत्ता के लोग किसी नेता की राजनीतिक दावेदारी मजबूत करने के लिए नहीं, बल्कि अपने दशकों पुराने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। उनके लिए राजस्व गांव का दर्जा कोई चुनावी नारा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य और सम्मान से जुड़ा सवाल है।
भगत दा के सामने ग्रामीणों ने दस्तावेज मांगकर यह स्पष्ट कर दिया है कि अब केवल बयान और भरोसे से काम नहीं चलने वाला। मुख्यमंत्री धामी के सामने भी यही कसौटी होगी।
अब सोमवार को बिंदुखत्ता में धामी की पारी!
लालकुआं की सियासी पिच पर फिलहाल गेंद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पाले में है। भगत दा ने राजस्व गांव के मुद्दे पर नियमों में बदलाव की संभावनाओं की बात छेड़ दी है। अब धामी क्या रुख अपनाते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा।
क्या मुख्यमंत्री की घोषणा बिंदुखत्ता के इतिहास में नया अध्याय लिखेगी? क्या दीपेंद्र कोश्यारी की राजनीतिक दावेदारी को नई धार मिलेगी? या फिर मौजूदा विधायक मोहन सिंह बिष्ट अपनी राजनीतिक पारी को और मजबूती से आगे बढ़ाएंगे?
फिलहाल सवाल बड़ा है—क्या मोहन दा के खेत की फसल काटने के लिए दीपेंद्र की राजनीतिक दरांती तैयार हो रही है और मुख्यमंत्री धामी खुद उसमें खाद-पानी डालने बिंदुखत्ता पहुंच रहे हैं?
इसका जवाब सोमवार के मंच से मिलने वाले संदेश और आने वाले दिनों में भाजपा की राजनीतिक गतिविधियों से ही सामने आएगा। लेकिन इतना तय है कि बिंदुखत्ता में इस बार लोकथात की थाप के बीच 2027 की सियासत की आहट भी साफ सुनाई दे रही है।

उत्तराखंड