हरिद्वार में प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने राज्यपाल से की भेंट, हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पर कार्यक्रमों की दी जानकारी।
हरिद्वार। प्रेस क्लब हरिद्वार के पदाधिकारियों ने शनिवार को लोक भवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने पर क्लब द्वारा आयोजित होने वाले विविध कार्यक्रमों, संगोष्ठियों और प्रस्तावित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। पदाधिकारियों ने राज्यपाल को आगामी अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित भी किया।
राज्यपाल ने प्रेस क्लब के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टि से विश्व में अपनी अलग पहचान रखने वाले हरिद्वार में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रेस समाज के मुद्दों को प्रभावी ढंग से आम जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है, जो लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सहायक है
राज्यपाल ने कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए प्रेस क्लब को शुभकामनाएं दीं।
