
हनुमान कथा ज्ञान यज्ञ के दशम दिवस पर पूर्णाहुति, विशाल भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब।
हल्दूचौड।
ग्राम दुम्काबंगर, उमापति हल्दूचौड़ स्थित श्री हनुमान मंदिर एवं श्री श्री 1008 बाबा केशव दास आश्रम बाबाजी की कुटिया में आयोजित श्री हनुमान कथा ज्ञान यज्ञ सत्संग के दशम दिवस परायण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः नित्य पूजा-पाठ के उपरांत हवन की पूर्णाहुति संपन्न हुई। कार्यक्रम में आचार्य सतीश लोहनी जी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि जैसे हनुमान जी की कृपा से देवताओं के कष्ट दूर हुए, उसी प्रकार भक्त भी उनकी शरण में जाकर अपने जीवन के कष्टों से मुक्त हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि रावण रूपी मोह आज मानव को अपने वश में कर रहा है, और इस मोह से मुक्ति केवल हनुमान जी की शरणागति से ही संभव है। “एक की शरण ग्रहण करने से ही जीव का कल्याण होता है। तुलसीदास जी के वचनों ‘हनुमत से ही सर्व सुख करहि’ के अनुसार विश्वासपूर्वक हनुमान जी की शरण में जाना ही कल्याण का मार्ग है,” ऐसा संदेश आचार्य सतीश लोहनी जी ने दिया।
कथा समापन के बाद आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में यजमान श्रीमती जानकी बमेटा एवं श्री देबी दत्त बमेटा, श्रीमती बिमला मिश्रा एवं श्री दिनेश चंद्र मिश्रा सहित अनेक श्रद्धालु परिवारों ने सहभागिता की। हवन पूर्णाहुति में मंदिर पुजारी एवं आचार्यगण की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, नरेश चंद्रा (उपाध्यक्ष सीपीपी लालकुआँ), पूर्व प्रमुख गोपाल सिंह नेगी सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, मंदिर समिति के पदाधिकारी व सैकड़ों ग्रामवासी उपस्थित रहे। मंदिर समिति संरक्षक उमेश चंद्र कबड़वाल, अध्यक्ष कैलाश चंद्र दुम्का, सचिव बालाकृष्ण दुम्का सहित पदाधिकारियों ने व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संपन्न कराया।
श्रद्धालुओं ने आयोजन को आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर बताते हुए आयोजकों का आभार जताया।
