खबरें शेयर करें -

करन तिवारी | रामनगर)
निर्माण कार्य के चलते गर्जिया धाम बंद! 13 फरवरी तक श्रद्धालुओं की एंट्री पर रोक
रामनगर।
प्रसिद्ध गर्जिया देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने मंदिर परिसर में अस्थायी रूप से प्रवेश बंद करने का निर्णय लिया है। वर्तमान में मंदिर परिसर में सुरक्षात्मक एवं निर्माण कार्य तेजी से जारी है। इसी के चलते 5 फरवरी से 13 फरवरी तक गर्जिया देवी मंदिर को पूर्ण रूप से बंद रखा जाएगा।
उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि रामनगर सिंचाई खंड द्वारा गर्जिया देवी मंदिर के टीले पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। मंदिर के नीचे स्थित चबूतरा अत्यंत जर्जर अवस्था में पहुंच चुका था, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई थी। इसी खतरे को देखते हुए मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान श्रद्धालुओं के मंदिर परिसर में प्रवेश करने से गंभीर हादसे की संभावना बनी हुई थी। इसी संभावित खतरे को देखते हुए सिंचाई विभाग के अभियंता द्वारा प्रशासन से लिखित रूप से मंदिर में प्रवेश पर रोक लगाने का आग्रह किया गया था। इसके बाद मंदिर समिति और पुजारियों को दूरभाष के माध्यम से सूचित कर दिया गया है, साथ ही प्रशासन द्वारा लिखित आदेश भी जारी किए जा रहे हैं।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि 13 फरवरी के बाद निर्माण कार्य की प्रगति और मंदिर परिसर की सुरक्षा स्थिति का पुनः आकलन किया जाएगा। यदि कार्य पूर्ण होकर परिसर सुरक्षित पाया गया, तो श्रद्धालुओं के लिए मंदिर को दोबारा खोल दिया जाएगा। अन्यथा प्रतिबंध की अवधि को आगे बढ़ाया जा सकता है।
श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा वैकल्पिक दर्शन व्यवस्था भी की गई है। मंदिर पुजारियों के माध्यम से गर्जिया देवी मंदिर के डोले को नीचे पुल पार स्थित पैतृक मंदिर में स्थापित किया जाएगा, ताकि श्रद्धालु वहां दर्शन कर सकें।