








वीर बाल दिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने गुरुद्वारे में टेका माथा, साहिबजादों के बलिदान को बताया विश्व इतिहास की अनुपम मिसाल।दर्पण न्यूज 24/7 नैनीताल, नैनीताल के दो दिवसीय भ्रमण पर पहुंचे मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जिला मुख्यालय के मल्लीताल स्थित गुरुद्वारे में पहुंचकर माथा टेका। इस अवसर पर उन्होंने वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में दशमेश पिता श्री गुरु गोविंद सिंह जी तथा उनके चारों वीर साहिबजादों—बाबा अजीत सिंह, बाबा जुझार सिंह, बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह—की महान शहादत को श्रद्धापूर्वक नमन किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी के चारों साहिबजादों का बलिदान केवल भारत ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण विश्व इतिहास में साहस, धर्मनिष्ठा और त्याग का एक अनुपम एवं अनोखा अध्याय है। अल्पायु में उन्होंने धर्म, सत्य और न्याय की रक्षा के लिए जो सर्वोच्च बलिदान दिया, वह मानवता के लिए चिरकाल तक प्रेरणास्रोत बना रहेगा।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा साहिबजादों की शहादत को सम्मान देने के उद्देश्य से वीर बाल दिवस मनाने की घोषणा उनके बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि है। यह निर्णय आने वाली पीढ़ियों तक साहिबजादों की वीरता, शौर्य और पराक्रम की गाथाओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी के वीर साहिबजादों का त्याग नई पीढ़ी को साहस, राष्ट्रभक्ति और अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देता है। उनका जीवन हमें सत्य और न्याय के मार्ग पर अडिग रहने का संदेश देता है।
इस अवसर पर विधायक नैनीताल सरिता आर्या, उत्तराखंड सरकार में दायित्वधारी डॉ. अनिल कपूर डब्बू, नवीन वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, गुरु सिंह सभा के प्रधान सरदार जोगेंदर सिंह आनंद, सचिव अमरप्रीत सिंह नोनू सहित संदीप सिंह, गुरुप्रीत सिंह, जीत सिंह आनंद, जगजीत सिंह, गगनदीप सिंह, जसमीत सिंह, सतनाम सिंह, हरनमन सिंह, अजीत सिंह उपस्थित रहे।
इसके अलावा आयुक्त कुमाऊँ दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल रहे।
