नैनीताल को मिलेगी ट्रैफिक जाम से मुक्ति: मुख्यमंत्री धामी ने मेट्रोपोल में 600 कार पार्किंग का किया भूमि पूजन, 131 करोड़ की योजनाओं की सौगात।
नैनीताल।
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को नैनीताल पहुंचे, जहां उन्होंने मेट्रोपोल क्षेत्र स्थित शत्रु संपत्ति में बहुप्रतीक्षित कार पार्किंग निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। इस स्थान पर करीब 600 वाहनों की क्षमता वाली आधुनिक पार्किंग का निर्माण किया जाएगा, जिससे आने वाले समय में नैनीताल शहर की गंभीर पार्किंग समस्या से राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पार्किंग के साथ-साथ मेट्रोपोल क्षेत्र का सौंदर्यकरण एवं एलिवेटेड सड़क निर्माण भी किया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम होगी। उन्होंने कहा कि नैनीताल पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण शहर है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं, लेकिन पार्किंग व अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण पर्यटकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। नई पार्किंग बनने से पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर करीब 131 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं शहर के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होंगी और स्थानीय जनता को इसका सीधा फायदा मिलेगा।
इसके बाद मुख्यमंत्री नैनीताल में आयोजित विंटर कार्निवल में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश एवं प्रेरणा से वन डिस्ट्रिक्ट, वन फेस्टिवल कार्यक्रम पूरे प्रदेश में आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में विंटर कार्निवल के माध्यम से शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वन डिस्ट्रिक्ट वन फेस्टिवल का संकल्प उत्तराखंड में 12 महीने पर्यटन गतिविधियों को सशक्त करेगा, जिससे पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा और राज्य की आर्थिकी को मजबूती मिलेगी।
