खबरें शेयर करें -

रामनगर में भू-माफियागिरी पर करणी सेना का प्रहार! पूर्व बसपा सांसद डम्पी पर करोड़ों की जमीन हड़पने का आरोप, पीएम को भेजा ज्ञापन।
दर्पण न्यूज 24/7के लिए
रामनगर, संवाददाता करन तिवारी की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट!
रामनगर में सरकारी भूमि कब्जाने के गंभीर मामले को लेकर करणी सेना ने बुधवार को बड़ा आरोप लगाते हुए बहुजन समाज पार्टी के पूर्व सांसद अकबर अहमद डम्पी पर करोड़ों रुपये की जमीन हड़पने का आरोप जड़ा है। करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपकर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
ढिकुली क्षेत्र में रिसॉर्ट के नाम पर अतिक्रमण का आरोप
करणी सेना युवा शक्ति के प्रदेश अध्यक्ष सूरज चौधरी ने आरोप लगाया कि 1998–99 में आजमगढ़ से बसपा सांसद रहे अकबर अहमद डम्पी ने जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के ढिकुली क्षेत्र में ‘बैला मुन्डा रिवर साइड आहमा’ नाम से संचालित प्रॉपर्टी के पीछे वन विभाग, सिंचाई विभाग और कोसी नदी किनारे की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है। बताया गया कि सुमन ग्रांड रिजॉर्ट के पीछे तक फैली पूरी भूमि पर लंबे समय से अवैध निर्माण जारी है।
दुर्गा देवी गेट के भीतर भी सरकारी जंगल साफ कर सड़क व रिसॉर्ट तैयार
करणी सेना ने यह भी आरोप लगाया कि दुर्गा देवी गेट के भीतर लोहाचौड़–कालाखांड–नैनीडांडा ब्लॉक क्षेत्र में सरकारी जंगल काटकर बड़े पैमाने पर भूमि कब्जाई गई। कब्जाई गई जमीन पर सड़क निर्माण के साथ टाइगर रिजर्व गेट के भीतर रिसॉर्ट खड़ा कर दिया गया।
पुराने मामलों में भी कार्रवाई नहीं, आरोपों का लंबा इतिहास
चौधरी के अनुसार, पूर्व सांसद डम्पी पर पहले भी नैनीताल के विरासतगंज-रामगढ़ क्षेत्र में 28 एकड़ जमीन कब्जाने और बेचने के मुकदमे दर्ज हो चुके हैं, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि उत्तराखंड में हजारों एकड़ सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर अरबों की संपत्ति अर्जित की गई और सरकारी तंत्र को भारी नुकसान पहुंचाया गया। करणी सेना ने कहा कि वर्तमान में भी खरीद–फरोख्त और हेरफेर का खेल जारी है।
तत्काल कार्रवाई की मांग
करणी सेना ने मांग की कि उत्तराखंड में सरकारी भूमि पर अकबर अहमद डम्पी द्वारा किए गये कथित अवैध कब्जों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और अतिक्रमण को तुरंत ध्वस्त करते हुए दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड