नहर में मिला पेंटर का शव, शराब पार्टी के बाद विवाद और हत्या की आशंका से हड़कंप।
दर्पण न्यूज 24/7
हल्द्वानी (नैनीताल)।
नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित मुखानी थाना क्षेत्र के लामाचौड़ इलाके में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सिंचाई नहर से 45 वर्षीय पेंटर प्रेम शंकर का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों ने इस घटना को लेकर हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार प्रेम शंकर पीलीकोठी क्षेत्र में किराए पर रहते थे और रोज की तरह काम पर निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने बताया कि गुरुवार रात एक परिचित का फोन आया था, जिसने बताया कि प्रेम शंकर का शराब के नशे में झगड़ा हो गया था और उन्हें ऑटो से घर भेज दिया गया है। इसके बावजूद वह घर नहीं पहुंचे।
शुक्रवार सुबह लामाचौड़ क्षेत्र की सिंचाई नहर में उनका शव मिलने से आशंका जताई जा रही है कि वह पूरी रात नहर में पड़े रहे। मृतक के पुत्र हर्ष सागर ने आरोप लगाया कि जिन लोगों के साथ उनके पिता काम पर गए थे, उन्हीं के साथ उनका विवाद हुआ था। उन्होंने इस पूरे मामले में हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर देने की बात कही है।
सूचना पर पहुंची मुखानी थाना पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकालकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक के परिवार में मां, एक बेटी और एक बेटा हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
