खबरें शेयर करें -

अल्मोड़ा के स्कूल परिसर में हड़कंप: झाड़ियों से मिली 161 संदिग्ध जिलेटिन रॉड्स।
अल्मोड़ा। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डभरा परिसर, सल्ट से भारी मात्रा में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्कूल परिसर स्थित झाड़ियों में जिलेटिन की कुल 161 बेलनाकार छड़ें छिपाकर रखी गई थीं।
घटना का खुलासा तब हुआ जब विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य सुभाष सिंह ने झाड़ियों में संदिग्ध पैकेट देखे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अपर उपनिरीक्षक दीवान सिंह बिष्ट व अपर उपनिरीक्षक लोमेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी शुरू कर दी।
इसके बाद ऊधमसिंह नगर व नैनीताल जिलों की बीडीएस टीम और डॉग स्क्वॉड भी मौके पर पहुंची। डॉग मौली और रैम्बो की मदद से विस्तृत तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान पहले स्थान से कुछ पैकेट और करीब 15–20 फीट आगे दूसरे स्थान से कई पैकेट बरामद हुए। कुल 161 जिलेटिन पैकेट बरामद कर बम निरोधक दस्ते ने उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाकर सील पैक कर दिया।
पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से की गई। मौके पर ही बरामदगी की फर्द तैयार की गई। पुलिस ने धारा 4(क) विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 एवं 288 बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री स्कूल परिसर तक कैसे पहुंची और इसे यहां छुपाने के पीछे मकसद क्या था?
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा ने बताया कि स्कूल परिसर की झाड़ियों से विस्फोटक सामग्री मिली है। “किसने और क्यों इसे यहां रखा, इसकी गहन जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा,”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड