








एक्शन मोड में धाकड़ धामी, जनसंवाद के साथ संगठन में भरी ऊर्जा!
कुमाऊं के जिलाध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों, सांसदों और विधायकों से सीधा संवाद,चुनावी तैयारियों पर मंथन के बीच 9.93 करोड़ की विकास सौगात भी दी!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी/चोरगलिया। चोरगलिया में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का रविवार का दौरा पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। मुख्यमंत्री ने एक ओर जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं, तो दूसरी ओर कुमाऊं मंडल के जिलाध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों, सांसदों और विधायकों से संवाद कर संगठन को ऊर्जा दी। विकास कार्यों की सौगात और संगठनात्मक संवाद के इस मेल को आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से भी खास माना जा रहा है।
राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी चोरगलिया पहुंचने पर मुख्यमंत्री का कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक बंशीधर भगत,भाजपा नेता दीपेंद्र कोश्यारी ,नवीन दुमका,पूर्व ब्लाक प्रमुख आनंद सिंह दर्मवाल,उमेश शर्मा, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत विभिन्न जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कुमाऊं मंडल के भाजपा जिलाध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों, सांसदों और विधायकों के साथ संवाद किया। इस दौरान संगठन की गतिविधियों, जनता के बीच संपर्क और सरकार के विकास कार्यों को लेकर जमीनी फीडबैक लिया गया। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री का यह संवाद संगठन को सक्रिय और ऊर्जावान बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल के साथ जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने पर जोर दिया। सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाने तथा जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने का संदेश भी दिया।
चोरगलिया में मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए किसी व्यक्ति को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान सरकार की प्राथमिकता है और अधिकारी इस दिशा में गंभीरता से काम करें।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 9.93 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर लंबे डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया।
मानसून में शेर नाला के उफान पर आने से क्षेत्र में आवागमन बाधित होता था। लोगों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। पुल के निर्माण से स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ यात्रियों और पर्यटकों को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
चोरगलिया में धामी का दौरा सिर्फ विकास योजनाओं के लोकार्पण तक सीमित नहीं रहा। जनता से सीधा संवाद, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश और संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों से संवाद तीनों मोर्चों पर मुख्यमंत्री सक्रिय नजर आए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, संगठन पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
