मिशन 2027
लालकुआं विधानसभा: हरक सिंह के बयान ने बढ़ाई हलचल, “नए चेहरे और जीताऊ उम्मीदवार” की कसौटी पर कौन होगा कांग्रेस का दांव?
दर्पण न्यूज 24*7
लालकुआं।
लालकुआं विधानसभा में 2027के चुनावों को लेकर कांग्रेस में टिकट को लेकर उठापटक तेज हो गई है। कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत के हालिया बयान— “पार्टी सिर्फ नए चेहरे और जीताऊ उम्मीदवार को ही टिकट देगी, फ्यूज कारतूस पर दांव नहीं लगाएगी”— ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है।
राजनीतिक विश्लेषक इस बयान को लालकुआं की धरातल पर सटीक और परिस्थितियों के अनुरूप मान रहे है। उनका कहना है कि यह लाइन फिलहाल लालकुआं की राजनीति पर यथार्थ रूप से फिट बैठती है।
कई दावेदार, एक टिकट…!
और ‘नए चेहरे’ की कसौटी!
56 लालकुआं विधानसभा में कांग्रेस के भीतर सबसे अधिक चर्चा तीन प्रमुख दावेदारों को लेकर है—
हेमवती नंदन दुर्गापाल — पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल के पुत्र, संगठन में सक्रिय, जमीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं।
हरेंद्र बोरा — वरिष्ठ कांग्रेसी, लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय, कार्यकर्ताओं में मजबूत पकड़।
प्रमोद कालोनी — कांग्रेस के कद्दावर चेहरे, संगठन और स्थानीय मुद्दों में गहरी पकड़।
तीनों ही नेता अपने-अपने क्षेत्र में प्रभावशाली और मजबूत दावेदार हैं, लेकिन हरक सिंह के बयान के बाद तस्वीर और दिलचस्प हो गई है।
‘जीताऊ चेहरा’— यही होगा कांग्रेस का अंतिम फार्मूला!
कांग्रेस जिस उम्मीदवार को मैदान में उतारना चाहती है, उसमें पार्टी को तीन चीजें तलाशनी पड़ेंगी
1. नया चेहरा या नई ऊर्जा,
2. ज़मीनी पकड़,
3. सीधे मुकाबले में जीतने की क्षमता।
पार्टी के अंदरूनी सूत्र भी मानते हैं कि जिस भी दावेदार की छवि ताज़ा, विवादों से दूर और जनसंपर्क आधारित होगी, उसी पर अंतिम मोहर लगने की संभावना अधिक है।
पैराशूट प्रत्याशी के लिए दरवाज़ा लगभग बंद?
हरक सिंह रावत के बयान को कई नेता पैराशूट राजनीति पर ताला लगाने का संकेत भी मान रहे हैं।
यदि कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व इस लाइन पर चला, तो टिकट उन्हीं को मिलेगा जो
लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय हैं,
जनता के बीच स्वीकार्यता रखते हैं,
और हर बूथ पर अपनी पैठ दिखा सकते हैं।
विश्लेषकों का दावा— लालकुआं में यह बयान पूरी तरह फिट!
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार—
> “लालकुआं में कांग्रेस का टिकट सिर्फ वही लेकर चल पाएगा जिसके पास साफ साख और स्पष्ट जनसमर्थन होगा। ऐसे में ‘नए और जीताऊ चेहरे’ की बात यहां की राजनीतिक जमीन पर एकदम बैठती है।”
अब सबकी निगाहें हाईकमान पर
लालकुआं की सियासत में कांग्रेस का टिकट सबसे हॉट सीट बन गया है।
हरक सिंह का बयान आगामी टिकट वितरण की दिशा का बड़ा संकेत माना जा रहा है।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि टिकट किसके खाते में जाता है—
जमीनी जनाधार, युवा चेहरे या पुराने कद्दावर नेता?
चुनावी तापमान बढ़ चुका है, और लालकुआं विधानसभा में टिकट की इस जंग पर पूरे प्रदेश की निगाहें टिक गई हैं।
