खबरें शेयर करें -

380 रुपये की जींस का रिफंड कराने चली महिला, 17 मिनट की कॉल में खाते से उड़ गए 1 लाख रुपये।
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी: ऑनलाइन शॉपिंग के बाद जींस रिफंड कराने की कोशिश एक महिला को भारी पड़ गई। साइबर ठगों ने खुद को कस्टमर केयर कर्मचारी बताकर ऐसा जाल बिछाया कि 380 रुपये की जींस के बदले महिला के बैंक खाते से एक लाख रुपये साफ हो गए। घटना के बाद पुलिस और साइबर सेल मामले की जांच में जुट गई है।
पीलीकोठी निवासी महिला ने मई के अंतिम सप्ताह में ऑनलाइन जींस मंगाई थी। चार जून को पार्सल मिलने के बाद उत्पाद पसंद नहीं आने पर उन्होंने रिफंड के लिए इंटरनेट पर कंपनी का कस्टमर केयर नंबर खोजा। कुछ देर बाद एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताया और रिफंड प्रक्रिया पूरी कराने का भरोसा दिलाया।
करीब 17 मिनट तक चली बातचीत के दौरान ठग ने महिला से गूगल-पे और बैंकिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कर लीं। महिला के अनुसार जानकारी साझा करने के कुछ ही समय बाद उनके बैंक खाते से एक लाख रुपये की राशि निकल गई। मोबाइल पर ट्रांजेक्शन संदेश मिलने के बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
मामले की शिकायत मिलने पर मुखानी कोतवाली पुलिस और साइबर टीम जांच में जुट गई है। एसओ सुशील जोशी ने बताया कि कॉल करने वाले नंबर और बैंक ट्रांजेक्शन से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
साइबर अलर्ट: रिफंड, कैशबैक या कस्टमर केयर के नाम पर आने वाली कॉल्स से सावधान रहें। किसी भी स्थिति में ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक डिटेल या स्क्रीन शेयरिंग की अनुमति किसी अनजान व्यक्ति को न दें।

उत्तराखंड