खबरें शेयर करें -

 

दिल्ली पुलिस के दो जवानों को बहादुरी का इनाम, मलबे में फंसे लोगों को बचाने पर मिला आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन

दर्पण न्यूज 24/7  नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के सैदुलाजाब इलाके में इमारत गिरने की घटना के दौरान साहसिक बचाव अभियान चलाकर लोगों की जान बचाने वाले दिल्ली पुलिस के दो कांस्टेबलों को विशेष सम्मान देते हुए आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन दिया गया है। इसके अलावा हौज रानी स्थित बी एंड बी आग हादसे में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आठ पुलिसकर्मियों को असाधारण कार्य पुरस्कार (AKP) से सम्मानित किया गया।

दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा ने मेहरौली थाना क्षेत्र में तैनात कांस्टेबल अंगद सिंह मीणा और मनीष कुमार को पदोन्नत कर हेड कांस्टेबल बनाया। इस अवसर पर विशेष पुलिस आयुक्त नीरज ठाकुर भी मौजूद रहे।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, दोनों जवानों ने अपनी जान की परवाह किए बिना ढही हुई इमारत के गहरे मलबे में प्रवेश कर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय भूमिका निभाते हुए कई लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

वहीं, 3 जून को हौज रानी क्षेत्र में हुए भीषण बी एंड बी अग्निकांड के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले मालवीय नगर थाने के आठ पुलिसकर्मियों को असाधारण कार्य पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रत्येक सम्मानित पुलिसकर्मी को 50 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि भी दी गई।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि आग की भयावहता के बावजूद पुलिसकर्मियों ने दमकल विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई की, जिससे कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। बचाए गए लोगों में कुछ विदेशी नागरिक भी शामिल थे।

सम्मानित पुलिसकर्मियों में सब-इंस्पेक्टर राम किशन, हेड कांस्टेबल करतार, हरज्ञान, दिनेश कुमार और संपत, तथा कांस्टेबल सुरेंद्र, रवि कांत और संजय शामिल हैं।

दिल्ली पुलिस ने कहा कि इन पुलिसकर्मियों का साहस, कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित निर्णय क्षमता अन्य जवानों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

उत्तराखंड