खबरें शेयर करें -

“घटेंगे तो कटेंगे” की चेतावनी के बीच नैनीताल में साध्वी प्राची का भावनात्मक आह्वान, समाजिक एकजुटता पर दिया जोर!
दर्पण न्यूज 24/7 | नैनीताल
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में शुक्रवार को डीएसए ग्राउंड, नैनीताल में माँ नैना देवी विराट हिन्दू सम्मेलन समिति के तत्वावधान में विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचीं साध्वी प्राची ने हिंदू समाज से जनसंख्या संतुलन, सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक एकजुटता को लेकर भावनात्मक अपील की।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि समाज की मजबूती संख्या, संस्कार और संगठन से आती है। उन्होंने हिंदुओं से अधिक बच्चे पैदा करने का आह्वान करते हुए “घटेंगे तो कटेंगे” का नारा दोहराया और कहा कि समय की मांग है कि समाज सजग और संगठित रहे।
उन्होंने दावा किया कि देश के कई क्षेत्रों में जनसंख्या असंतुलन की स्थिति बन रही है और कुछ स्थानों पर हिंदू अल्पसंख्यक होते जा रहे हैं। युवाओं से समय पर विवाह करने और पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने की अपील करते हुए उन्होंने अभिभावकों को भी सतर्क रहने की सलाह दी।
साध्वी प्राची ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा लागू किए गए यूसीसी कानून तथा डेमोग्राफिक परिवर्तन पर की जा रही कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि कानून का पालन सभी के लिए समान रूप से आवश्यक है और राष्ट्रहित सर्वोपरि होना चाहिए।
कार्यक्रम में संघ के नगर कार्यवाह दरबान सिंह, कामेश्वर प्रसाद काला, राजेन्द्र बिष्ट, दीप रिखाड़ी सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। विधायक सरिता आर्या, दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, भाजपा नगर अध्यक्ष नितिन कार्की, जिला उपाध्यक्ष दयाकिशन पोखरिया समेत कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सम्मेलन में सहभागिता की।
सम्मेलन के दौरान संस्कृति संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रहित के मुद्दों पर विशेष बल दिया गया। आयोजकों ने इसे समाज को जागरूक और संगठित करने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल बताया।

उत्तराखंड