दर्पण न्यूज 24×7 डेस्क
“आपकी पूँजी, आपका अधिकार” अभियान के तहत रुद्रपुर में लगा विशाल शिविर, 1.96 करोड़ की दावाहीन राशि लौटाई गई
रुद्रपुर, ।
वित्तीय सेवा विभाग, भारत सरकार एवं भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों के तहत लीड बैंक कार्यालय द्वारा शुक्रवार को होटल सोनिया, रामपुर रोड में “आपकी पूँजी, आपका अधिकार” अभियान के तहत एक भव्य वित्तीय जागरूकता शिविर आयोजित
किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य बैंक खाताधारकों की दावाहीन जमा पूँजी व वित्तीय संपत्तियों की पहचान कर उन्हें rightful owners तक पहुँचाना था।
अग्रणी जिला प्रबंधक चिराग पटेल ने बताया कि जिले में दावाहीन खातों में जमा कुल लगभग 58.56 करोड़ रुपये में से इस शिविर के माध्यम से 1.96 करोड़ रुपये लाभार्थियों को लौटाए गए। उन्होंने इसे वित्तीय जागरूकता की दिशा में बड़ा कदम बताया।
कार्यक्रम में रुद्रपुर नगर निगम के महापौर विकास शर्मा ने उपस्थित होकर बैंक अधिकारियों और लाभार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आमजन को अपनी वित्तीय संपत्तियों के प्रति सजग रहने की जरूरत है। साथ ही अधिकारियों को अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए।
शिविर में बैंक ऑफ बड़ौदा के डीजीएम पाल सिंह तोमर, एजीएम अंजनी कुमार सिंगल, एसबीआई के एजीएम संजीव कुमार, भारतीय रिजर्व बैंक से रजनीश सैनी सहित जिला सहकारी बैंक, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक और एलआईसी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
करीब 200 लोगों ने उत्साह के साथ शिविर में भाग लिया और विभिन्न बैंकों द्वारा लगाए गए स्टॉलों से अपनी दावाहीन राशियों एवं अन्य वित्तीय मुद्दों का समाधान प्राप्त किया। कई लाभार्थियों को मौके पर ही चेक वितरित किए गए।
समापन सत्र में अग्रणी जिला प्रबंधक ने सभी अधिकारियों और प्रतिभागियों का आभार जताते हुए कहा कि यह अभियान खाताधारकों की छिपी हुई पूँजी को उनके अधिकार में लौटाने की ऐतिहासिक पहल है।
दर्पण न्यूज 24×7
रुद्रपुर
