500 करोड़ के सूटकेस वाले बयान से मचा भूचाल: नवजोत कौर सिद्धू निलंबित, पंजाब की सियासत में तेज हुई गर्मी!
चंडीगढ़।
पंजाब की राजनीति में शनिवार शाम बड़ा धमाका हुआ जब कांग्रेस ने अपने ही वरिष्ठ नेता नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी और पूर्व विधायक नवजोत कौर सिद्धू को उनके विवादित बयान के तुरंत बाद निलंबित कर दिया। पार्टी हाईकमान के खिलाफ दिए गए इस बयान ने पूरे राजनीतिक गलियारे में हलचल मचा दी है।
राज्यपाल से मुलाकात के बाद नवजोत कौर ने मीडिया के सामने कांग्रेस नेतृत्व पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोपों की बरसात कर दी। उन्होंने दावा किया कि “जो 500 करोड़ का सूटकेस देता है, उसी को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाया जाता है।”
यह बयान सामने आते ही कांग्रेस हाईकमान हरकत में आया और कुछ ही घंटों के भीतर नवजोत कौर को सस्पेंड कर दिया।
नवजोत कौर ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस में सिद्धू की लोकप्रियता और प्रियंका गांधी से नजदीकी के बावजूद “उन्हें कभी मुख्यमंत्री नहीं बनने दिया जाएगा, क्योंकि हमारे पास 500 करोड़ नहीं हैं।”
उनके इस बयान ने विपक्ष को भी बड़ा हथियार थमा दिया।
BJP प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि यह आरोप कांग्रेस में “ऊपर से नीचे तक व्याप्त भ्रष्टाचार” का खुला सबूत हैं। वहीं पंजाब BJP अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि यह टिप्पणी कांग्रेस की “लेन-देन वाली राजनीति” को उजागर करती है।
कांग्रेस नुकसान नियंत्रण में जुटी है, जबकि BJP इस मुद्दे को बड़े राजनीतिक हमले के रूप में भुना रही है। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि यह विवाद आने वाले महीनों में पंजाब के राजनीतिक समीकरणों को गहराई से प्रभावित कर सकता है।
