खन्स्यु में तस्करों की फायरिंग से एसटीएफ सिपाही व किसान घायल, जंगलों में बढ़ा सुरक्षा घेरा!
हल्द्वानी। वन्यजीव तस्करी और नशे की आपूर्ति पर लगाम लगाने गई कुमाऊं एसटीएफ टीम पर बदमाशों ने अचानक फायरिंग कर दी। हमले में एसटीएफ सिपाही भूपेंद्र मर्तोलिया और एक स्थानीय किसान गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल हल्द्वानी के कृष्णा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी तुरंत अस्पताल पहुंचे और घायल सिपाही का हालचाल जाना। उन्होंने मौके से लेकर अस्पताल तक की पूरी घटनाक्रम की जानकारी भी ली।
सूत्रों के मुताबिक, शनिवार दोपहर भीमताल के खन्स्यु क्षेत्र में तस्करी की पुख्ता सूचना पर एसटीएफ टीम दबिश देने पहुंची थी। तभी जंगल में छिपे बदमाशों ने टीम को देखते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में एसटीएफ सिपाही भूपेंद्र मर्तोलिया के पेट में गोली लगी, जबकि साथ में मौजूद एक किसान को गोली छूकर निकल गई।
वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस टीम बदमाशों की घेराबंदी में जुट गई है। एसएसपी ने हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष निर्देश जारी कर दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर तस्करों के नेटवर्क की जांच तेज कर दी है।
