जनसमस्याओं के समाधान के लिए हर तहसील में लगेगा तहसील दिवस, डीएम ने जारी किया जनवरी से मई 2026 तक का कार्यक्रम।
दर्पण न्यूज 24/7 रूद्रपुर।
जनपद में आम जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से प्रत्येक तहसील मुख्यालय पर माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को प्रातः 10 बजे से कार्य समाप्ति तक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि 06 जनवरी 2026 (प्रथम मंगलवार) को तहसील रूद्रपुर में तहसील दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 20 जनवरी (तृतीय मंगलवार) को तहसील किच्छा, 03 फरवरी को सितारगंज, 17 फरवरी को जसपुर, 03 मार्च को काशीपुर, 17 मार्च को बाजपुर, 07 अप्रैल को गदरपुर, 21 अप्रैल को उप तहसील नानकमत्ता तथा 05 मई को तहसील खटीमा में तहसील दिवस आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि यदि किसी निर्धारित तिथि को राजकीय अवकाश घोषित होता है, तो उस तहसील दिवस का आयोजन अगले कार्य दिवस में किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को संबंधित परगनाधिकारी की अध्यक्षता में परगना अथवा तहसील कार्यालय में भी तहसील दिवस आयोजित किया जाएगा।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान हेतु निर्धारित तिथियों में तहसील दिवस में उपस्थित होकर लाभ उठाएं।
