खबरें शेयर करें -

पड़ोसी के घर पहुंची युवती की गोली मारकर हत्या, शव छोड़कर फरार हुआ साजिद!
महुआखेड़ागंज में वारदात से सनसनी, परिवार के फरार होने की चर्चा, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, हत्या की वजह तलाश रही पुलिस!
काशीपुर। आईटीआई कोतवाली क्षेत्र के महुआखेड़ागंज में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 22 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात दोपहर बाद पड़ोस के एक घर में होने की बात सामने आई है। हत्या के बाद युवती का शव घर में छोड़कर पड़ोसी साजिद के फरार होने की सूचना से मामला और गंभीर हो गया है। घटना के समय घर में केवल महिलाओं के मौजूद होने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और घटनाक्रम को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
मृतका की पहचान मेहबिश पुत्री स्वर्गीय फरियाद हुसैन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मेहबिश पड़ोस के घर गई थी, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में उसे गोली मार दी गई। घटना के बाद आरोपी साजिद और उसके परिवार के मौके से फरार होने की बात कही जा रही है। सूचना मिलते ही आईटीआई कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी।
गोली चली, घर में मचा हड़कंप!
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किस परिस्थिति में चली, वारदात के समय वहां कौन-कौन मौजूद था और हत्या के पीछे आखिर क्या वजह थी।
पुलिस आरोपी की तलाश के साथ घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। आसपास के लोगों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
इसी साल पूरी की थी बीए की पढ़ाई!
मेहबिश चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उसके पिता फरियाद हुसैन का वर्ष 2004 में निधन हो गया था। मेहबिश ने इसी वर्ष राधेहरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, काशीपुर से बीए अंतिम वर्ष की परीक्षा पूरी की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद उसकी इस तरह मौत ने परिवार को झकझोर कर रख दिया है।
22 वर्षीय युवती की हत्या की खबर फैलते ही क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। परिवार में कोहराम मचा है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि मेहबिश को किस वजह से गोली मारी गई और वारदात के पीछे की पूरी कहानी क्या है? पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही इन सवालों के जवाब सामने आ सकेंगे।

उत्तराखंड