खबरें शेयर करें -

गन्ना किसानों के बीच पहुंचे आयुक्त, बोले- सर्वेक्षण में न रहे कोई त्रुटि!

खेतों में जाकर परखी हकीकत, किसानों की समस्याएं भी सुनीं!

बाजपुर। उत्तराखंड के गन्ना एवं चीनी आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया ने मंगलवार को बाजपुर क्षेत्र के ग्राम नंदपुर नरका टोपा, मरियमपुर और मुंडिया कला का दौरा कर गन्ना सर्वेक्षण कार्यों एवं पौधशालाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। खेतों में पहुंचकर उन्होंने सर्वेक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि गन्ना सर्वेक्षण पूरी पारदर्शिता, सटीकता और त्रुटिरहित तरीके से किया जाए, ताकि किसानों को भविष्य में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान गन्ना आयुक्त ने कहा कि गन्ना सर्वेक्षण चीनी उद्योग और किसानों दोनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। सर्वेक्षण में किसी भी प्रकार की चूक का सीधा असर किसानों के उत्पादन आंकड़ों, गन्ना पर्चियों और भुगतान व्यवस्था पर पड़ता है। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक खेत का सही विवरण दर्ज करने तथा किसानों की आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पौधशालाओं का निरीक्षण करते हुए मर्तोलिया ने उन्नत एवं रोगमुक्त गन्ना प्रजातियों के अधिकाधिक प्रसार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण बीज और वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देकर ही गन्ने की उत्पादकता में वृद्धि की जा सकती है।

इस दौरान किसानों ने भी खुलकर अपनी समस्याएं और सुझाव गन्ना आयुक्त के सामने रखे। किसानों ने चीनी मिल से निकलने वाली प्रेसमड को रियायती दरों पर उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि उसका उपयोग जैविक खाद के रूप में कर भूमि की उर्वरता बढ़ाई जा सके। इसके अलावा चीनी मिल में गर्म जल बीज शोधन संयंत्र को पुनः संचालित करने की मांग भी उठाई गई, जिससे रोगमुक्त बीज उपलब्ध हो सकें और उत्पादन में बढ़ोतरी हो।

किसानों ने गन्ना मूल्य भुगतान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि समय पर भुगतान मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और वे गन्ने की खेती का रकबा बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित होंगे।

गन्ना एवं चीनी आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी समस्याओं और सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गन्ना किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और गन्ना उत्पादन बढ़ाने, नई तकनीकों के विस्तार तथा किसानों को अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

कार्यक्रम के दौरान किसान दलजीत सिंह गोरिया, केके शर्मा, जसवीर पाल, फादर रॉबर्ट, गुरचरण सिंह पड्डा, सतवंत सिंह पड्डा, ग्राम विकास निरीक्षक विनोद सिंह, राजेश कुमार, गन्ना पर्यवेक्षक जितेंद्र शर्मा, अरुण सिंह, सोमपाल सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

किसानों ने गन्ना आयुक्त के खेतों तक पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और मौके पर निरीक्षण करने की पहल का स्वागत करते हुए इसे किसान हित में सकारात्मक कदम बताया।

फोटो कैप्शन: गन्ने के खेतों का निरीक्षण करते गन्ना एवं चीनी आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया एवं अन्य अधिकारी।

उत्तराखंड