खबरें शेयर करें -

शिक्षा निदेशक से मारपीट प्रकरण गरमाया, शिक्षक संगठनों का धरना शुरू!
गिरफ्तारी न होने पर बोर्ड परीक्षाओं के बहिष्कार की चेतावनी!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो देहरादून।

राजधानी देहरादून में भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ पर प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के साथ कथित मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में प्रदेशभर के शिक्षक और कर्मचारी संगठनों ने शिक्षा निदेशालय के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। शिक्षकों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग उठाई है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को विधायक अपने समर्थकों के साथ एक सरकारी विद्यालय का नाम बदलने के मुद्दे को लेकर शिक्षा निदेशालय पहुंचे थे। इस दौरान अधिकारियों के साथ बातचीत के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद शिक्षा निदेशक के कार्यालय में घुसकर उनके साथ मारपीट की गई। घटना के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में नाराजगी फैल गई।
मामले को लेकर शिक्षक संगठनों का कहना है कि यदि वरिष्ठ अधिकारी अपने ही कार्यालय में सुरक्षित नहीं हैं, तो शिक्षकों और कर्मचारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। इसी के विरोध में शिक्षकों ने निदेशालय परिसर के बाहर प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
राजकीय शिक्षक संघ के अध्यक्ष राम सिंह चौहान ने कहा कि सरकार से वार्ता जारी है, लेकिन यदि आरोपी विधायक की गिरफ्तारी नहीं होती और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तो संगठन बोर्ड परीक्षाओं के बहिष्कार का निर्णय ले सकता है।
प्रदेश में बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। ऐसे में शिक्षकों के संभावित बहिष्कार से लाखों छात्रों के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। परीक्षा संचालन, निगरानी और मूल्यांकन कार्य पूरी तरह शिक्षकों पर निर्भर होने के कारण शिक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
इस बीच प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने मामले में जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार पर जल्द समाधान निकालने का दबाव बढ़ता जा रहा है, ताकि बोर्ड परीक्षाएं बिना किसी बाधा के संपन्न हो सकें।

उत्तराखंड