खबरें शेयर करें -

रेलवे ट्रैक पार करते समय बुझ गया जीवन का सफर, रानीखेत एक्सप्रेस की चपेट में आकर 45 वर्षीय ट्रक चालक की मौत।

दर्पण न्यूज 24/7
हल्दूचौड़–मोतीनगर रेलवे स्टेशनों के बीच मंगलवार देर रात एक हृदयविदारक हादसे में 45 वर्षीय व्यक्ति की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। पहचान होने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से ग्राम बसंतपुर नोनियर, पूरनपुर (जनपद पीलीभीत, उत्तर प्रदेश) निवासी मेजर सिंह (45 वर्ष) पुत्र कुंदन सिंह मंगलवार रात हल्दूचौड़ और मोतीनगर के बीच रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान वह रानीखेत एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। हादसे की सूचना मिलते ही आरपीएफ ने तत्काल स्थानीय पुलिस और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी।
गंभीर रूप से घायल मेजर सिंह को एम्बुलेंस के माध्यम से सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मोबाइल फोन से हुई पहचान
मृतक की शिनाख्त में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। शव के पास मिले मोबाइल फोन के जरिए कुछ नंबरों पर संपर्क साधा गया, जिसके बाद उनकी पहचान मेजर सिंह के रूप में हुई। सूचना मिलते ही परिजन हल्द्वानी पहुंचे।
काम की तलाश में आए थे हल्द्वानी
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि मेजर सिंह अविवाहित थे और पेशे से ट्रक चालक थे। वह काम की तलाश में अक्सर हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में आते-जाते रहते थे। कुछ दिन पहले ही वह घर से हल्द्वानी पहुंचे थे।
पुलिस की कार्रवाई
मेडिकल चौकी पुलिस के अनुसार, आवश्यक पंचनामा भरने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

उत्तराखंड