गैंगरेप के तीनों आरोपी हिरासत में, आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों के मुंह पर फेंकी काली स्याही!
भीड़ के आक्रोश के बीच आरोपियों को थाने ले जाने में पुलिस को करनी पड़ी कड़ी मशक्कत!
रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर के रुद्रपुर क्षेत्र में युवती के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। आरोपियों को पुलिस जब थाने ले जाने लगी तो मौके पर लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में जमा आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों के खिलाफ जमकर विरोध जताया और इसी दौरान उनके मुंह पर काली स्याही फेंक दी।
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों को सुरक्षा घेरे में लेकर भीड़ से बाहर निकालने का प्रयास किया। भीड़ के आक्रोश और विरोध के बीच तीनों आरोपियों को थाने ले जाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस किसी तरह आरोपियों को सुरक्षित थाने लेकर पहुंची।
बताया जा रहा है कि सिडकुल क्षेत्र में कार्यरत एक युवती ने तीन युवकों पर अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। युवती की शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
पीड़िता के अनुसार, शनिवार रात वह अपनी सहेली और दो परिचित युवकों के साथ भूरारानी रोड पर गई थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और चारों को रोक लिया। आरोप है कि तीनों युवकों ने धमकाते हुए दोनों युवतियों और दोनों युवकों को जबरन बाइक पर बैठाया और गदरपुर की ओर ले जाने लगे।
रास्ते में मौका पाकर एक युवक और एक युवती चलती बाइक से कूदकर किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलने में सफल रहे, जबकि दूसरी युवती और उसके साथ मौजूद युवक आरोपियों के कब्जे में रहे। आरोप है कि गदरपुर क्षेत्र में पहुंचने के बाद आरोपियों ने युवक को रास्ते में उतार दिया और युवती को अपने साथ ले गए। युवती ने आरोप लगाया कि इसके बाद उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की और तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपों की जांच के साथ ही उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे मामले को लेकर पुलिस की जांच पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
