खबरें शेयर करें -

देहरादून में ‘इंडियाकोट मल्ला’ के विकास को लेकर हुंकार, 5 अप्रैल को होगा बड़ा अधिवेशन!
रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क जैसी बुनियादी समस्याओं पर मंथन, पलायन रोकने के लिए ठोस रणनीति बनेगी!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो देहरादून। जनपद पौड़ी गढ़वाल के ‘इंडियाकोट मल्ला’ क्षेत्र के विकास को लेकर देहरादून में रह रहे क्षेत्रवासियों ने अब एकजुट होकर आवाज बुलंद कर दी है। रविवार को आयोजित वर्चुअल बैठक में निर्णय लिया गया कि 5 अप्रैल 2026 को शाम 4 बजे यमुना कॉलोनी, देहरादून स्थित यूनियन सदन (कुम्हार मंडी छोटे गेट के समीप) में एक भव्य अधिवेशन आयोजित किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के समग्र विकास की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
बैठक में सर्वसम्मति से बी.डी.एस. नेगी को अधिवेशन के लिए संयोजक नियुक्त किया गया। संयोजक मंडल ने बताया कि इंडियाकोट मल्ला क्षेत्र आज भी बुनियादी सुविधाओं से जूझ रहा है। क्षेत्र में रोजगार के साधनों की भारी कमी, लगातार बढ़ता पलायन, उच्च शिक्षा संस्थानों का अभाव, कमजोर स्वास्थ्य सेवाएं, जर्जर सड़कें और पेयजल संकट जैसी समस्याएं गंभीर रूप ले चुकी हैं।
वक्ताओं ने कहा कि कृषि, वानिकी और पर्यटन की अपार संभावनाएं होने के बावजूद इन क्षेत्रों में कोई ठोस कार्य नहीं हुआ है। साथ ही विद्युत और संचार सुविधाएं भी संतोषजनक नहीं हैं। बैंकिंग, लघु उद्योग और स्वरोजगार के अवसर न होने से क्षेत्र का आर्थिक विकास थम गया है।
बैठक में मांग उठाई गई कि इंडियाकोट मल्ला क्षेत्र को ‘पिछड़ा क्षेत्र’ घोषित किया जाए, ताकि यहां विशेष योजनाओं के माध्यम से विकास कार्यों को गति मिल सके।
इस दौरान टकोलीखाल, रिखणीखाल, कल्बाही, कुटनाली, रेखा, ननगढ़, लेकुली और भलाड़ी सहित क्षेत्र के सभी गांवों के निवासियों से अधिवेशन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया गया।
बैठक में के.एस. नेगी, एम. एकरामत समेत कई बुद्धिजीवियों और समाजसेवियों ने अपने विचार रखे। अंत में संयोजक मंडल की ओर से सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।

उत्तराखंड