खबरें शेयर करें -

शादी के नाम पर फंसाने और समझौते के बदले रकम मांगने का आरोप!

दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी। समाजसेवी विशाल वर्मा और पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर एक महिला और उसके परिजनों पर शादी के नाम पर लोगों को फंसाने, बाद में मुकदमे दर्ज कराने और समझौते के नाम पर मोटी रकम मांगने का आरोप लगाया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

तहरीर के अनुसार रामपुर रोड क्षेत्र निवासी एक युवक का वर्ष 2016 में उत्तर प्रदेश के ठाकुरद्वारा निवासी युवती से हिंदू रीति-रिवाज से विवाह हुआ था। आरोप है कि वर्ष 2022 में महिला अपने बच्चे और घर के आभूषण लेकर मायके चली गई। इसके बाद उसने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। यह मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन बताया गया है।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इस मुकदमे के दौरान महिला ने किसी अन्य व्यक्ति से भी विवाह किया। बाद में वह दूसरे पति के घर से भी नकदी और आभूषण लेकर चली गई। विशाल वर्मा के मुताबिक दूसरे पति ने पहले पति के परिवार से संपर्क कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उनका दावा है कि दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत की वीडियो रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है, जिसे पुलिस को जांच के दौरान उपलब्ध कराया जाएगा।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि अगस्त 2026 में दूसरे पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि मुकदमा वापस लेने के बदले 15 लाख रुपये की मांग की गई।

विशाल वर्मा और अंजलि वर्मा ने आरोप लगाया कि महिला, उसके परिजन और कुछ अन्य लोग मिलकर शादी के माध्यम से लोगों को कथित तौर पर फंसाने और बाद में मुकदमे तथा समझौते के नाम पर धन वसूली का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस से पूर्व में दर्ज मुकदमों, विवाह संबंधी दस्तावेजों, कथित लेनदेन और वीडियो रिकॉर्डिंग समेत सभी पहलुओं की जांच कराने की मांग की है।

हालांकि, महिला और उसके परिजनों की ओर से इस संबंध में कोई पक्ष सामने नहीं आया है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।