खबरें शेयर करें -

रामनगर में यातायात व्यवस्था बदहाल, सभासदों ने सौंपा एआरटीओ को ज्ञापन।
— करन तिवारी, संवाददाता
रामनगर। नगर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था से आम जनता को मिल रही परेशानियों को लेकर नगरपालिका के सभासदों ने एआरटीओ प्रबर्तन रिशु तिवारी को ज्ञापन सौंपा। सभासदों ने कहा कि जाम की समस्या लगातार बढ़ रही है, जिसके कारण स्कूली बच्चों, आम नागरिकों तथा अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सभासदों ने मांग की कि रामनगर के बाज़ार क्षेत्र में बड़े वाहनों के प्रवेश के लिए निर्धारित समय तय किया जाए और ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही सरकारी अस्पताल को जाने वाली सड़क पर बनाए गए मालधन प्राइवेट बस अड्डे को अन्यत्र शिफ्ट कर इस मार्ग को जाम मुक्त किया जाए, ताकि एंबुलेंस और मरीजों को राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि टेंपो और ई-रिक्शा के अनियंत्रित संचालन के कारण भी जाम की स्थिति बनती है।
एआरटीओ रिशु तिवारी ने आश्वासन दिया कि समस्या का प्राथमिकता से समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बड़े वाहनों के प्रवेश को लेकर शीघ्र ही प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में सभासद तनुज दुर्गापाल, शमीम अहमद, नदीम अंसारी, सचिन कुमार, सलमानी, नवीन सुनेजा, शबाना परवीन, प्रतिनिधि जफर इकबाल, करीमुद्दीन, शिवी अग्रवाल, दीप्ति बिष्ट, विक्रम भट्ट, हेमंत बिष्ट सहित अन्य मौजूद रहे।

उत्तराखंड