खबरें शेयर करें -

देहरादून में दर्दनाक हादसा: राजकीय स्कूल के कमरे में तीन राजमिस्त्री मृत, गैस लीकेज बना मौत का कारण!

देहरादून। राजधानी देहरादून के त्यूणी तहसील क्षेत्र के भूठ गांव में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा सामने आया। राजकीय हाईस्कूल के एक कमरे में डिरनाड गांव निवासी प्रकाश, संजय और पट्यूड गांव निवासी संदीप मृत अवस्था में मिले। तीनों के मुंह से झाग निकल रहा था, जबकि कमरे में एलपीजी गैस की तेज गंध फैली हुई थी। खिड़कियां और दरवाजे भीतर से बंद होने के कारण यह स्पष्ट हो रहा था कि मौत रात में ही हो चुकी थी।

राजस्व पुलिस प्रथम दृष्टया इस घटना को गैस लीकेज से मौत का मामला मान रही है। मृतक प्रकाश और संजय सगे भाई थे, जबकि संदीप भी उनका रिश्तेदार था। तीनों पेशे से राजमिस्त्री थे और बीते कई दिनों से भूठ गांव में मकानों के निर्माण एवं मरम्मत का कार्य कर रहे थे।

सुबह दरवाजा न खुलने पर खुला घटनाक्रम

नायब तहसीलदार सरदार सिंह राणा ने बताया कि सुबह ग्रामीणों ने सूचना दी कि राजकीय स्कूल के कमरे में रह रहे तीनों राजमिस्त्री दरवाजा नहीं खोल रहे हैं और कमरे से गैस की तेज गंध आ रही है। सूचना पर तहसील प्रशासन और राजस्व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दरवाजे को तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया तो तीनों जमीन पर अचेत पड़े मिले।

पूरा सिलेंडर खाली, पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा

जांच में पाया गया कि तीनों की मौत हो चुकी है और कमरे में रखा एलपीजी सिलिंडर पूरी तरह खाली था। ग्रामीणों ने बताया कि तीन-चार दिन पहले ही सिलिंडर भरा गया था। प्रथम दृष्टया स्पष्ट है कि रात में गैस लीकेज होने से तीनों की घुटन के कारण मौत हुई है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। गांव के लोग इस दर्दनाक हादसे को लेकर गहरा आघात महसूस कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड