खबरें शेयर करें -

भवाली–अल्मोड़ा हाईवे पर दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी कार, यूपी के 3 सैलानियों की मौत, 2 घायल।
हल्द्वानी। भवाली–अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर निगलाट के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पर्यटकों से भरी स्कॉर्पियो एन कार क्रैश बैरियर तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में उत्तर प्रदेश के तीन सैलानियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
सूचना मिलते ही भवाली पुलिस, एसडीआरएफ, दमकल विभाग और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। घायलों को खाई से निकालकर एम्बुलेंस की सहायता से नजदीकी सीएचसी सेंटर भेजा गया है।
कोतवाल भवाली प्रकाश सिंह मेहरा के अनुसार, वाहन में कुल 7 से 8 लोग सवार थे। मृतकों में दो महिलाएं और एक किशोरी शामिल हैं। सभी लोग बरेली (उत्तर प्रदेश) के निवासी बताए जा रहे हैं और सुबह करीब 9:30 बजे कैंचीधाम की ओर जा रहे थे।
फिलहाल मृतकों और घायलों की आधिकारिक शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

उत्तराखंड