दर्दनाक घटना: बाजपुर की बरहैनी रेंज में हाथी के शावक की मौत, वन प्रशासन जांच में जुटा!
वन्यजीव संरक्षण पर फिर उठे सवाल!
बाजपुर | दर्पण न्यूज 24/7
बाजपुर की बरहैनी रेंज से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जंगल क्षेत्र के प्लॉट संख्या–12 में घायल अवस्था में मिले हाथी के एक नन्हे शावक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना से वन विभाग में हड़कंप मच गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरहैनी रेंज के जंगल में ग्रामीणों को एक हाथी का बच्चा घायल हालत में गिरा मिला। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया गया। घायल शावक की हालत नाजुक देखते हुए उसे तुरंत बरहैनी रेंज की नर्सरी में लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार शुरू किया गया।
वन विभाग की एसडीओ मनिंदर कौर ने बताया कि हाथी के बच्चे की स्थिति अत्यंत गंभीर थी। इसी बीच वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी, पश्चिम वृत्त हल्द्वानी, डॉ. राहुल सती अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पूरी रात शावक का इलाज चलता रहा, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद हाथी के बच्चे को बचाया नहीं जा सका और उसने दम तोड़ दिया।
मौत के बाद पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा मौके पर ही पोस्टमार्टम किया गया। इसके पश्चात जेसीबी मशीन की सहायता से गड्ढा खोदकर वन विभाग की निगरानी में विधिवत रूप से शावक का दफन किया गया। वहीं, मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए हाथी के बच्चे का विसरा जांच हेतु भेज दिया गया है।
फिलहाल वन विभाग पूरे मामले की गहन जांच में जुटा हुआ है। यह घटना वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था पर कई सवाल खड़े करती है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विसरा जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि हाथी के शावक की मौत किन कारणों से हुई।
दर्पण न्यूज 24/7 इस मामले पर वन विभाग की जांच और रिपोर्ट पर लगातार नजर बनाए हुए है।
