खबरें शेयर करें -

दर्पण न्यूज 24/7 | एक्सक्लूसिव
रामनगर संवाददाता: करन तिवारी


रामनगर में चोरी की दो बड़ी वारदातों का पर्दाफाश

एक शातिर चोर गिरफ्तार, विधि-विवादित किशोर संरक्षण में

अंतरराज्यीय सांसी गैंग पर कसा शिकंजा, 12 लाख नकद व बहुमूल्य जेवर बरामद

रामनगर (नैनीताल)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी की सख्त निगरानी और प्रभावी रणनीति के चलते रामनगर में घर और रिजॉर्ट में हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा कर लिया गया है। पुलिस ने जहां एक मामले में शातिर चोर को गिरफ्तार कर विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया है, वहीं दूसरी घटना में अंतरराज्यीय सांसी गैंग की संलिप्तता उजागर करते हुए लाखों की नकदी और सोने के आभूषण बरामद किए हैं।


मामला–1: घर में चोरी का खुलासा

थाना रामनगर क्षेत्र के लखनपुर निवासी सुमन ने 15 दिसंबर 2025 को तहरीर देकर बताया कि दिल्ली से लौटने पर उनके घर से दो कड़े, दो चूड़ियां और दो सोने के बिस्किट चोरी हो गए। इस पर एफआईआर संख्या 414/25, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सुरागरसी के आधार पर 16 दिसंबर को चोरपानी क्षेत्र से नवदीप शर्मा निवासी पीरूमदारा, रामनगर को गिरफ्तार किया। उसके साथ एक विधि-विवादित किशोर भी शामिल पाया गया।
आरोपियों के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और सोने के बिस्किट बरामद किए गए, जिनकी वादिनी ने मौके पर शिनाख्त की।


मामला–2: रिजॉर्ट में विवाह समारोह के दौरान चोरी

दूसरी वारदात 3 नवंबर 2025 को टियारा रिजॉर्ट, रामनगर में आयोजित विवाह समारोह के दौरान हुई, जहां बिन बुलाए मेहमान बनकर आए चोरों ने सोने के जेवरात, नकदी और मोबाइल फोन से भरा बैग चोरी कर लिया। इस संबंध में एफआईआर संख्या 400/25 कोतवाली रामनगर में दर्ज की गई थी।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और कर्मचारियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मध्य प्रदेश के कुख्यात सांसी गैंग की भूमिका उजागर की। दबिश के दौरान आरोपी फरार हो गए, लेकिन मौके से 12 लाख रुपये नकद और बहुमूल्य सोने के आभूषण बरामद कर लिए गए। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज़ी से जारी हैं।


पुलिस का दावा

पुलिस के अनुसार सांसी गैंग बड़े होटल और रिजॉर्ट में विवाह समारोह के दौरान मेहमान बनकर प्रवेश करता है और मौका मिलते ही नकदी व आभूषण लेकर फरार हो जाता है।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए स्पष्ट किया कि चोरी और संगठित अपराध के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


दर्पण न्यूज 24/7
खबर पर हमारी नज़र, अपराध पर कड़ा प्रहार

उत्तराखंड