मदिरा प्रेमियों को बड़ी राहत!
उत्तराखंड में फिलहाल नहीं बढ़ेंगे शराब के दाम, हाईकोर्ट ने वैट पर लगाई रोक!
दर्पण न्यूज 24/7
देहरादून। उत्तराखंड में शराब के दाम बढ़ाने की शासन की योजना पर फिलहाल ब्रेक लग गया है। शराब की कीमतों पर वैट (VAT) लगाकर दाम बढ़ाने के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए उत्तराखंड हाईकोर्ट ने शासन के निर्णय पर अंतरिम रोक लगा दी है। कोर्ट के इस आदेश के बाद राज्य में शराब के दाम फिलहाल नहीं बढ़ेंगे, जिससे मदिरा प्रेमियों को बड़ी राहत मिली है।
गौरतलब है कि हाल ही में शासन ने राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से शराब पर वैट लगाने का प्रस्ताव तैयार किया था। इसके बाद शराब उपभोक्ताओं में चिंता का माहौल बन गया था। आम लोगों का कहना था कि पहले से महंगाई की मार झेल रहे उपभोक्ताओं पर शराब के दाम बढ़ना अतिरिक्त आर्थिक बोझ साबित होता।
तस्करी और अवैध कारोबार की आशंका
विशेषकर सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों ने आशंका जताई थी कि दाम बढ़ने से पड़ोसी राज्यों से शराब लाने और अवैध तस्करी की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इससे न केवल राज्य की कानून-व्यवस्था पर असर पड़ता, बल्कि राजस्व को भी नुकसान होने की संभावना जताई जा रही थी।
इन्हीं तर्कों के आधार पर शासन के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई। याचिका में कहा गया कि अचानक वैट लगाने से उपभोक्ताओं पर सीधा असर पड़ेगा और अवैध शराब के कारोबार को बढ़ावा मिलेगा, जिससे कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती है।
अगली सुनवाई तक यथास्थिति
मामले की सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने शासन के फैसले पर अंतरिम रोक लगाते हुए अगली सुनवाई तक यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट के इस आदेश को मदिरा प्रेमियों और आम उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।
