खबरें शेयर करें -

खड़े बिजली पोल से टकराया अनियंत्रित  डंफर  , बड़ा हादसा टला!
दर्पण न्यूज 24/7।
बिंदुखत्ता के  इन्द्रनगर प्रथम क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक तेज रफ्तार डम्पर ने सड़क किनारे खड़े बिजली पोल में जोरदार टक्कर मार दी। यह घटना ट्रॉली लाइन में हल्द्वानी स्टोन के पास की बताई जा रही है, जहां हादसे के समय मार्ग पर सामान्य से अधिक आवाजाही बनी हुई थी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिजली पोल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। गनीमत रही कि घटना के समय कोई राहगीर या वाहन चालक इसकी चपेट में नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के एसडीओ संजय प्रसाद तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त पोल को दुरुस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है, ताकि बिजली आपूर्ति जल्द बहाल की जा सके।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डम्पर चालक नशे की हालत में था। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन यदि यह बात सही पाई जाती है तो यह लापरवाही किसी बड़ी अनहोनी को न्योता दे सकती थी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे लापरवाह चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

उत्तराखंड