खबरें शेयर करें -

ठंड में अडिग जज़्बा! सेवा निवृत्त प्रभावित कर्मचारियों का अनशन 68वें दिन में, कल होने वाली कैबिनेट बैठक से न्याय की उम्मीद।

देहरादून।

दर्पण न्यूज 24*7!

सेवा निवृत्त कार्य प्रभावित नियमित कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति का धरना और क्रमिक अनशन मंगलवार को 68वें दिन में प्रवेश कर गया है। कड़ाके की ठंड में भी कर्मचारी अपनी एक सूत्रीय न्यायोचित मांग को लेकर अटल बैठे हुए हैं। संघर्ष समिति से जुड़े सभी सदस्यों ने साथियों के साहस, धैर्य और एकजुटता को सलाम करते हुए कहा कि यह लड़ाई सिर्फ अधिकारों की नहीं, बल्कि सम्मान की भी है।

धरना स्थल पर कर्मचारियों ने कहा कि लगातार गिरते तापमान के बावजूद आंदोलनकारियों का हौसला कम नहीं हुआ है। समिति ने सभी सदस्यों और समर्थकों से अपील की है कि वे मां गंगा, मां यमुना और बद्री–केदार भगवान से प्रार्थना करें कि कल होने वाली राज्य कैबिनेट की बैठक में कर्मचारियों की सुनवाई हो और लंबे समय से लंबित मांग पर सकारात्मक निर्णय आए।

कर्मचारियों का कहना है कि वे सरकार से सिर्फ न्याय चाहते हैं और आशा कर रहे हैं कि कैबिनेट उनकी पीड़ा और संघर्ष को समझते हुए सकारात्मक फैसला लेगी। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि सरकार समय रहते उनकी मांग नहीं मानती, तो आंदोलन आगे और तेज किया जाएगा।

धरना स्थल पर उपस्थित कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि वे अपने अधिकारों की बहाली तक पीछे हटने वाले नहीं हैं। ठंड, तकलीफ़ और लंबी प्रतीक्षा के बावजूद आंदोलनकारियों का जोश बरकरार है और सभी की नजरें अब कल की कैबिनेट बैठक पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड