खबरें शेयर करें -

नैनीताल दुग्ध संघ के संचालक मंडल सदस्य किशन सिंह बिष्ट के निधन से शोक की लहर!

दो बार निर्विरोध संचालक मंडल सदस्य और दो बार ग्राम प्रधान रहे बिष्ट, पहाड़ में ‘कीवीमैन’ के नाम से थे पहचान!

लालकुआं।

नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के संचालक मंडल सदस्य एवं धारी-पोखराढ़ निवासी किशन सिंह बिष्ट के आकस्मिक निधन से नैनीताल दुग्ध संघ सहित सहकारी एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन की सूचना मिलते ही दुग्ध संघ के अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रबंध कमेटी एवं दुग्ध उत्पादकों में शोक व्याप्त हो गया।

किशन सिंह बिष्ट लंबे समय से सहकारिता, ग्रामीण विकास, पशुपालन एवं दुग्ध व्यवसाय से जुड़े रहे। वह दो बार निर्विरोध नैनीताल दुग्ध संघ के संचालक मंडल सदस्य निर्वाचित हुए। इसके अलावा उन्होंने दो बार ग्राम प्रधान तथा एक बार क्षेत्र पंचायत सदस्य के रूप में भी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।

पर्वतीय क्षेत्र में कीवी उत्पादन को बढ़ावा देने में उनके योगदान के चलते उन्हें ‘कीवीमैन’ के नाम से भी पहचान मिली। उन्होंने किसानों और पशुपालकों को कीवी उत्पादन, दुग्ध व्यवसाय एवं पशुपालन से जोड़ने की दिशा में उल्लेखनीय प्रयास किए। सहकारिता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए उनके प्रयासों को क्षेत्र में लंबे समय तक याद किया जाएगा।

नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने किशन सिंह बिष्ट के आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बिष्ट का निधन दुग्ध संघ ही नहीं, बल्कि सहकारी एवं ग्रामीण क्षेत्र के लिए भी अपूरणीय क्षति है। उनके निधन के शोक में दुग्ध संघ द्वारा तीन दिनों तक बैठक, बोनस वितरण सहित अन्य निर्धारित कार्यक्रम स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।

नैनीताल दुग्ध संघ के आँचल परिवार, प्रबंध कमेटी, अधिकारी एवं कर्मचारियों ने दिवंगत किशन सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।