








हल्द्वानी में मुंहबोले जीजा ने शक में दबा दिया साले का गला!
बरामदे में सो रहे 29 वर्षीय युवक की हत्या, पूरी रात घरवालों को नहीं लगी भनक, आरोपी हिरासत में।
हल्द्वानी। बनभूलपुरा के जवाहर नगर में आधी रात के बाद एक ऐसा खौफनाक घटनाक्रम सामने आया, जिसने रिश्तों की बुनियाद को झकझोर कर रख दिया। घर के बरामदे में सो रहे 29 वर्षीय अमन ठाकुर की उसके मुंहबोले जीजा ने कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात इतनी खामोशी से हुई कि घर के भीतर सो रहे लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। सुबह जब परिजन बाहर निकले तो बरामदे में अमन का शव पड़ा मिला।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पत्नी और अमन के बीच संबंधों को लेकर आरोपी के मन में पैदा हुए शक को हत्या की वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की बात कह रही है।
जानकारी के अनुसार गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ (उत्तर प्रदेश) निवासी अमन ठाकुर पुत्र भोले ठाकुर पिछले करीब तीन वर्षों से जवाहर नगर निवासी परबीना पत्नी स्वर्गीय जगदीश के घर में मुंहबोले बेटे के रूप में रह रहा था। परिवार में परबीना की चार बेटियां प्रीति, कशिश, रागिनी और नेहा तथा 14 वर्षीय बेटा वंश है।
परबीना की बेटी कशिश की शादी पास ही रहने वाले निक्की उर्फ राजेंद्र से हुई है। मंगलवार रात कशिश अपने भाई वंश के साथ मायके में थी, जबकि परबीना अपनी बड़ी बेटी प्रीति की ससुराल रामपुर गई हुई थी।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान मोहल्ले में आयोजित जन्मदिन की पार्टी में अमन और निक्की के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। अमन के शराब के नशे में होने की भी बात सामने आई है। विवाद के बाद अमन घर के बाहर बरामदे में जाकर सो गया।
आरोप है कि देर रात निक्की वहां पहुंचा और सो रहे अमन की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के वक्त कशिश और उसका 14 वर्षीय भाई वंश घर के भीतर सो रहे थे। वारदात इतनी चुपचाप हुई कि उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी। पूरी रात अमन का शव बरामदे में पड़ा रहा।
सुबह कशिश की नजर अमन पर पड़ी तो उसके होश उड़ गए। अमन को मृत देखकर घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परबीना ने पुलिस को बताया कि निक्की को अपनी पत्नी कशिश और अमन के रिश्तों को लेकर शक था। इसी शक को हत्या की वजह माना जा रहा है। हालांकि यह आरोप और आशंका है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, सीओ सिटी अमित कुमार सैनी और बनभूलपुरा कोतवाल डीएस फर्त्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना के समय घर में मौजूद लोगों से भी पूछताछ की।
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शक के चलते हत्या किए जाने की बात सामने आई है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना के समय घर में मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
