खबरें शेयर करें -

बैंणी-भुली योजना का फॉर्म भरकर घर लौट रही थीं महिलाएं, रास्ते में मौत ने रोक दी जिंदगी की राह!

300 मीटर गहरी खाई में समाया यात्रियों से भरा वाहन, आठ की दर्दनाक मौत, चार गंभीर घायल!

गांव में पसरा मातम, हादसे से दहला पौड़ी जनपद, प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की!

देहरादून। सरकारी योजना का फॉर्म भरकर अपने गांव लौटने की उम्मीद लेकर निकलीं महिलाएं शायद नहीं जानती थीं कि घर पहुंचने से पहले ही जिंदगी का सफर खत्म हो जाएगा। शनिवार को पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने आठ परिवारों की खुशियां छीन लीं। कलवाड़ी गांव के पास यात्रियों से भरा ईको वाहन करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सबसे मार्मिक तस्वीर यह है कि वाहन में सवार महिलाएं बैंणी-भुली योजना का फॉर्म भरकर अपने गांव लौट रही थीं। सरकारी योजना का लाभ पाने की उम्मीद में घर से निकली इन महिलाओं को क्या पता था कि वापसी का यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।

जानकारी के अनुसार वाहन संख्या UK15TA-2152 में चालक समेत कुल 12 लोग सवार थे। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के समीप अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और देखते ही देखते गहरी खाई में समा गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। खाई की गहराई और दुर्गम रास्ते के चलते राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा।

सूचना मिलते ही रिखणीखाल, लैंसडाउन और कोटद्वार से पुलिस एवं प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। खाई में बिखरे वाहन और यात्रियों को बाहर निकालने में बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आठ लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी, जबकि चार घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया।

इस हादसे में भंगुलवाड़ निवासी कांति देवी (45), रेखा देवी (42), चालक अनिल देवराड़ा (48), सुमित्रा देवी (50), सुनीता देवी (45), धनेश्वरी देवी (46), सरोजनी देवी (38) और रजनी देवी (25) की मौत हो गई।

वहीं शशि देवी (35), शकुंतला देवी (45), जगदीश सिंह और सत्यवती देवी (36) घायल हुए हैं। सभी मृतक और घायल भंगुलवाड़ क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। गांव में हादसे की खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया। जिन घरों में अपनों के लौटने का इंतजार था, वहां अब मातम पसरा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने जिला प्रशासन को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने तथा घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पौड़ी गढ़वाल में हुए हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है। लेकिन इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर पहाड़ की सड़कों पर सफर की सुरक्षा, दुर्गम मार्गों और यात्री वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर वाहन किन परिस्थितियों में अनियंत्रित हुआ? क्या सड़क की स्थिति हादसे की वजह बनी या कोई तकनीकी खामी अथवा मानवीय चूक इसकी वजह रही? जांच के बाद ही तस्वीर साफ होगी।

फिलहाल आठ जिंदगियां खत्म हो चुकी हैं और चार परिवार अस्पताल में अपनों की सलामती की दुआ कर रहे हैं। भंगुलवाड़ के लिए यह हादसा सिर्फ एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि ऐसा जख्म है जिसकी टीस लंबे समय तक महसूस की जाएगी।

उत्तराखंड