हल्दूचौड़ में पहली बार होगी महिलाओं की रामलीला, 22 मार्च से होगा मंचन!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्दूचौड़। क्षेत्र में सांस्कृतिक परंपराओं को नई दिशा देते हुए “मेरा सपना मेरी कोशिश” सामाजिक संस्था की ओर से इस वर्ष पहली बार महिलाओं की रामलीला का मंचन कराया जाएगा। आगामी 22 मार्च से नवरात्रि के अवसर पर शुरू होने वाली इस रामलीला को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और क्षेत्र की महिलाएं व बाल कलाकार उत्साह के साथ इसकी तैयारियों में जुटे हुए हैं।
रामलीला मंचन की तैयारियों के तहत डूंगरपुर पंचायत घर, हल्दूचौड़ में लंबे समय से कलाकारों की रिहर्सल चल रही है। यह अभ्यास रामलीला के डायरेक्टर लीलाधर भट्ट के सानिध्य में कराया जा रहा है, जिसमें कलाकारों को अभिनय, संवाद और मंच संचालन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
तैयारियों को लेकर संस्था के संस्थापक अध्यक्ष त्रिलोचन पाठक (रिंकू), महिला कार्यकारिणी अध्यक्ष कीर्ति दुमका, जिला पंचायत सदस्य दीपा चंदोला, प्रेमा बमेटा, सीमा आर्य, गीता जोशी, दीपा बिष्ट, पूनम, पूजा, धीरज खाती, पंकज जोशी और भुवन चंद्र बमेटा सहित कई लोग सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं।
संस्थापक अध्यक्ष त्रिलोचन पाठक ने बताया कि उनकी संस्था पिछले 14 वर्षों से क्षेत्र में सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करती आ रही है। इस बार नई सोच और नई पहल के साथ महिलाओं की रामलीला आयोजित की जा रही है, जिससे महिलाओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिल सके।
वहीं महिला कार्यकारिणी अध्यक्ष कीर्ति दुमका ने कहा कि अब तक मंच पर छोटे बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता रहा है, लेकिन इस बार महिलाओं को भी आगे बढ़ाने के उद्देश्य से महिला रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। इसमें क्षेत्र की महिलाएं और बाल कलाकार बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
संस्था की इस पहल को क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने की नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
