🐄 गाय को बचाने के प्रयास में भीषण हादसा, ऋषिकेश-हरिद्वार मार्ग पर XUV कार ट्रक से टकराई
चार लोगों की दर्दनाक मौत, इलाके में मचा कोहराम।
ऋषिकेश। उत्तराखंड में देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। ऋषिकेश–हरिद्वार मार्ग पर पीएनबी सिटी गेट के पास एक तेज रफ्तार एक्सयूवी कार अचानक सड़क पर आई गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
देर रात्रि ऋषिकेश कंट्रोल रूम 112 से सूचना मिलने पर ऋषिकेश कोतवाली, श्यामपुर चौकी और आईडीपीएल चौकी से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पाया कि हरिद्वार की ओर से आ रही एक्सयूवी कार संख्या UK07 FS 5587 ने सड़क किनारे खड़े ट्रक संख्या HR 58 A 9751 को जोरदार टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य चलाते हुए शवों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक ने अचानक सामने आए जानवर को बचाने की कोशिश की, जिससे वाहन संतुलन खो बैठा और यह दर्दनाक हादसा हो गया।
फिलहाल पुलिस द्वारा घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।
