पुलिसिया दुर्व्यवहार से युवक की मौत! खैरना चौकी प्रभारी समेत 5 पुलिसकर्मी लाइनहाजिर!
वीडियो बनाने पर चालान के बाद युवक ने खाया जहर, सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप!
दर्पण न्यूज 24/7
संवाददाता : मंजूल चौनाल
नैनीताल। जिले के बेतालघाट क्षेत्र में युवक बालम सिंह बिष्ट की आत्महत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पुलिस पर गंभीर आरोप लगने और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठने के बाद एसएसपी ने बड़ा कदम उठाते हुए खैरना चौकी प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि 28 अप्रैल को लोहाली गांव निवासी बालम सिंह बिष्ट खैरना क्षेत्र में नदी और पहाड़ी का वीडियो बना रहा था। इसी दौरान पुलिसकर्मियों से उसकी कहासुनी हो गई। पुलिस ने युवक का मेडिकल कराया, जिसमें शराब के नशे की पुष्टि होने पर उसका पुलिस एक्ट में चालान कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
परिजनों के अनुसार घर लौटने के दौरान बालम ने अपनी बहन और जीजा को फोन कर पुलिस पर दुर्व्यवहार, सिम कार्ड तोड़ने और पांच हजार रुपये छीनने जैसे गंभीर आरोप लगाए। आरोप है कि मानसिक तनाव और अपमान से आहत होकर उसने जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मामले ने तब और गंभीर रूप ले लिया जब युवक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में भी पुलिसकर्मियों पर प्रताड़ना के आरोप सामने आए। मृतक की बहन मुन्नी जलाल की तहरीर और सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने मामले को गंभीर मानते हुए खैरना चौकी प्रभारी रमेश पंत सहित एक महिला पुलिसकर्मी समेत कुल पांच कर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइनहाजिर कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि विवेचना प्रभावित न हो, इसलिए यह कार्रवाई की गई है।
मृतक की बहन मुन्नी जलाल ने कहा कि उनके भाई को न्याय मिलना चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं जिला पंचायत सदस्य यशपाल आर्य और संजय बोहरा ने भी परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव साथ देने का भरोसा दिलाया है।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र ने भी निष्पक्ष विवेचना का भरोसा दिलाया है।
