खबरें शेयर करें -

आज जिले के प्रमुख समाचार
आवासीय पट्टे की भूमि पर रेस्टोरेंट संचालन, जिलाधिकारी ने किया पट्टा निरस्त।
नैनीताल जिले में आवासीय प्रयोजन के लिए आवंटित भूमि पर व्यावसायिक गतिविधि संचालित किए जाने पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने छड़ा मझेड़ा कैंची धाम स्थित 0.008 हेक्टेयर भूमि का पट्टा निरस्त करते हुए भूमि को राज्य सरकार के पक्ष में निहित करने के आदेश जारी किए। जांच में पाया गया कि वारिसानों द्वारा आवासीय पट्टे की भूमि पर रेस्टोरेंट संचालित किया जा रहा था, जो नियमों के विपरीत है।

जमीन विवाद में फायरिंग के बाद दो शस्त्र लाइसेंस निरस्त।
चंपावत में पुश्तैनी जमीन विवाद को लेकर हुई फायरिंग की घटना के बाद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। वर्ष 2025 में हुई घटना में महेंद्र कुमार तड़ागी द्वारा लाइसेंसी हथियार से फायरिंग कर दिनेश तड़ागी को घायल कर दिया गया था। मामले को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी नैनीताल ने महेंद्र कुमार के .38 बोर रिवॉल्वर एवं सिंगल बैरल बंदूक के शस्त्र लाइसेंस आयुध अधिनियम 1959 की धारा 17(3) के तहत निरस्त कर दिए।

हल्द्वानी में मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई।
जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी विवेक राय एवं सम्भागीय परिवहन अधिकारी गुरूदेव सिंह ने हल्द्वानी क्षेत्र के विभिन्न मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। देव भूमि एवं जय दुर्गा मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों में संसाधनों की कमी, उपकरणों के अभाव और अनियमितताओं के चलते नोटिस जारी किए गए। वहीं निर्मल मोटर ट्रेनिंग स्कूल को पंजीकरण नियमों के उल्लंघन पर अगले आदेश तक बंद करने के निर्देश दिए गए। कुमाऊं मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।

‘ड्रैगन फ्रूट क्रांति’ से आत्मनिर्भर बन रहीं नैनीताल की महिलाएं।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामोत्थान (REAP) परियोजना के तहत नैनीताल जिले के बैलपड़ाव क्षेत्र में ड्रैगन फ्रूट उत्पादन महिलाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता का नया माध्यम बन रहा है। “गौरा समूह” एवं “विकास CLF” से जुड़ी रेखा गोस्वामी ने सरकारी सहायता से ड्रैगन फ्रूट इकाई स्थापित की है। वर्तमान में लगभग 2 टन उत्पादन की संभावना जताई जा रही है, जो आने वाले वर्षों में 6-7 टन तक पहुंच सकती है। यह पहल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “आत्मनिर्भर उत्तराखंड” विजन को मजबूती दे रही है।

कालाढूंगी रोड की देसी मदिरा दुकान पर ओवररेटिंग में कार्रवाई।
कालाढूंगी रोड स्थित देसी मदिरा दुकान पर ओवररेटिंग की शिकायत मिलने पर आबकारी विभाग ने आकस्मिक निरीक्षण किया। जांच के दौरान स्टॉक, विक्रय रजिस्टर एवं मूल्य सूची की जांच कर ओवर रेटिंग पर चालानी कार्रवाई की गई। विभागीय अधिकारियों ने कर्मचारियों को निर्धारित मूल्य पर ही मदिरा बिक्री करने के कड़े निर्देश दिए तथा भविष्य में शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

उत्तराखंड