नशे के खिलाफ लालकुआँ में जनजागरण अभियान, युवा नेता शंकर जोशी ने किया जनएकजुटता का आह्वान!
समाज की सक्रिय भागीदारी से ही चलाया जा सकता है नशे के खिलाफ प्रभावी अभियान! शंकर जोशी
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआँ।
लालकुआँ विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते अवैध शराब, चरस, स्मैक, नशीले इंजेक्शन तथा अन्य मादक पदार्थों के कारोबार को लेकर चिंता गहराने लगी है। क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से युवा नेता शंकर जोशी ने जनजागरण अभियान शुरू करते हुए आमजन से नशे के खिलाफ एकजुट होने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में फैल रहा नशे का जाल केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य और समाज की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से परिवार और सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है, जिस पर समय रहते प्रभावी रोक लगाना आवश्यक है।
इसी क्रम में आज 10 बजे लालकुआँ तहसील परिसर में “एक युद्ध नशे के विरुद्ध” जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखने, समाज में जागरूकता बढ़ाने तथा प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करना है।
शंकर जोशी ने क्षेत्र की जनता, युवाओं, महिलाओं एवं सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर नशामुक्त लालकुआँ के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया है।
उन्होंने कहा कि समाज की सक्रिय भागीदारी से ही नशे के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाया जा सकता है और आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य प्रदान किया जा सकता है।
— संवाददाता
