खबरें शेयर करें -

कत्यूर महोत्सव का रंगारंग आगाज, संस्कृति की धुनों पर झूमी घाटी!
दर्पण न्यूज 24/7 गरुड़ (बागेश्वर)।
कत्यूर घाटी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोए हुए कत्यूर महोत्सव का शुभारंभ शनिवार को धूमधाम और उत्साह के साथ हुआ। गरुड़ स्थित पीएम श्री इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित इस महोत्सव में स्थानीय जनमानस और स्कूली बच्चों की भारी भागीदारी देखने को मिली।
पहले क्रम में, महोत्सव की शुरुआत पारंपरिक झांकियों के साथ हुई, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में उत्तराखंड की सांस्कृतिक झलक प्रस्तुत की। लोकगीत, नृत्य और पहाड़ी बोली के माध्यम से क्षेत्रीय परंपराओं को जीवंत किया गया।
ढोल-दमाऊ और छोलिया नृत्य की गूंज ने पूरे वातावरण को लोक संस्कृति के रंग में रंग दिया। कत्यूरवासी इन पारंपरिक धुनों पर झूमते नजर आए, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय हो उठा।
बाजार क्षेत्र से निकली झांकियां भकुनखोला मैदान तक पहुंचीं, जहां विधिवत रूप से महोत्सव का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर विधायक पार्वती दास, दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्य और नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। गोमती नदी के तट पर सजे इस महोत्सव में विभिन्न विभागों के स्टॉल और बाहरी व्यापारियों की दुकानों ने भी आकर्षण बढ़ाया। स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प की झलक ने मेले को खास बना दिया।
बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए झूले, चरखे और खेल उपकरण लगाए गए। ऊंट की सवारी मेले का प्रमुख आकर्षण बनी रही, जहां बड़ी संख्या में लोग इसका आनंद लेते नजर आए।
महोत्सव में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और साहित्यकारों की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे आयोजन की गरिमा और बढ़ गई।
कत्यूर महोत्सव न केवल मनोरंजन का माध्यम है, बल्कि यह क्षेत्र की लोक संस्कृति, परंपरा और सामूहिक पहचान को सहेजने का सशक्त मंच भी है। यह आयोजन आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास साबित हो रहा है।
दर्पण न्यूज 24/7

उत्तराखंड