जयमाला के बाद दूल्हे ने बदला इरादा, फेरों से पहले मंडप छोड़कर भागने लगा! दहेज में कार मांगने का आरोप, बाराती भी हुए गायब।
बिंदुखत्ता में शादी समारोह में मचा हड़कंप, ग्रामीणों ने दूल्हे को पकड़कर पुलिस के हवाले किया; देर रात तक कोतवाली में चला हंगामा।
लालकुआं। सात फेरे लेने की तैयारी थी, जयमाला की रस्म भी पूरी हो चुकी थी और दोनों परिवार शादी की खुशियां मना रहे थे। लेकिन ऐन वक्त पर दूल्हे ने ऐसा कदम उठाया कि शादी समारोह खुशियों के बजाय हंगामे में बदल गया। फेरों से ठीक पहले दूल्हा अचानक शादी से मुकर गया। इतना ही नहीं, वह मंडप छोड़कर भागने लगा। यह नजारा देखकर विवाह समारोह में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते बाराती भी मौके से खिसक लिए। गुस्साए ग्रामीणों ने दूल्हे को पकड़ लिया और सीधे पुलिस चौकी पहुंचा दिया। लड़की पक्ष ने पूरे घटनाक्रम के पीछे दहेज में कार की मांग पूरी न होने का आरोप लगाया है।
घटना गुरुवार को बिंदुखत्ता के तिवारीनगर नर्सरी गांव की है। जानकारी के अनुसार, बिंदुखत्ता निवासी युवती का विवाह कालाढूंगी के चकलुवा क्षेत्र के पूरनपुर गांव निवासी स्वर्गीय चंदन राम के पुत्र उमेश के साथ तय हुआ था। बताया जाता है कि दोनों के बीच पिछले करीब एक वर्ष से मोबाइल पर बातचीत भी हो रही थी। लड़की पक्ष के ग्रामीणों का आरोप है कि इस दौरान युवक कई बार दहेज में कार देने की मांग कर चुका था। हालांकि परिवार ने उसकी इन बातों को गंभीरता से नहीं लिया और विवाह की तैयारियां जारी रखीं।
गुरुवार को धूमधाम से बारात तिवारीनगर नर्सरी गांव पहुंची। बारातियों का स्वागत हुआ, भोजन हुआ और फिर दूल्हा-दुल्हन ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाई। सब कुछ सामान्य चल रहा था। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही देर में शादी समारोह में ऐसा बखेड़ा खड़ा होने वाला है।
जयमाला के बाद जैसे ही पंडित ने फेरों की तैयारी शुरू कराई, दूल्हा अचानक शादी से इनकार करते हुए उठ खड़ा हुआ। उसने युवती पर इधर-उधर देखने का आरोप लगाते हुए विवाह करने से मना कर दिया। इसके बाद वह मंडप से निकलकर भागने लगा। अचानक दूल्हे के इस बदले रुख से दोनों पक्षों के लोग हक्के-बक्के रह गए। ग्रामीणों ने उसे रोककर समझाने की कोशिश की, लेकिन वह शादी के लिए तैयार नहीं हुआ। बताया जाता है कि उसने लड़की पक्ष को यहां तक कह दिया कि यदि जबरन शादी कराई गई तो इसकी जिम्मेदारी उनकी होगी।
उधर, दूल्हे के इस रवैये के बीच बारातियों का भी अजीब रुख देखने को मिला। देखते ही देखते बाराती विवाह स्थल से गायब होने लगे। जिस घर में कुछ देर पहले शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां अचानक तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने दूल्हे को पकड़ लिया और उसे बिंदुखत्ता पुलिस चौकी ले पहुंचे।
चौकी में पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद चौकी प्रभारी गौरव जोशी दूल्हे को लालकुआं कोतवाली ले आए। देर रात तक लड़की पक्ष के ग्रामीण कोतवाली में डटे रहे और दूल्हे के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते रहे। लड़की पक्ष ने युवक पर दहेज में कार की मांग पूरी नहीं होने के चलते ऐन वक्त पर शादी से मुकरने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि दूल्हे को हिरासत में लिया गया है। लड़की पक्ष की ओर से दहेज मांगने के संबंध में तहरीर दी गई है। दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यदि सहमति नहीं बनती है तो तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जयमाला तक साथ, फेरों से पहले इनकार! बिंदुखत्ता की इस घटना ने शादी जैसे पवित्र रिश्ते को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि दहेज की मांग को लेकर लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

