खबरें शेयर करें -

दूध के दाम बढ़े, अब आंचल ने भी जेब पर डाला बोझ! 20 नवंबर से नई कीमतें लागू, क्रीम पर 50 रुपये की सीधी मार!

अमूल और मदर डेयरी के बाद आंचल ने भी बढ़ाए दूध-पनीर के दाम, उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा सीधा असर!

लालकुआं। महंगाई की मार झेल रहे आम उपभोक्ताओं को अब दूध और दुग्ध उत्पादों के लिए भी ज्यादा कीमत चुकानी होगी। अमूल और मदर डेयरी के बाद अब उत्तराखंड के लोकप्रिय आंचल ब्रांड ने भी अपने उत्पादों के दाम बढ़ा दिए हैं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने नई मूल्य सूची जारी कर दी है। संशोधित दरें 20 नवंबर 2026 से लागू होंगी।

दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा ने बताया कि आंचल दूध, पनीर और क्रीम सहित विभिन्न दुग्ध उत्पादों की कीमतों में दो रुपये से लेकर 50 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। इस मूल्य वृद्धि का सबसे बड़ा असर क्रीम खरीदने वाले उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। आंचल क्रीम के एक किलोग्राम पैक की कीमत 530 रुपये से बढ़ाकर 580 रुपये कर दी गई है। यानी अब एक किलो क्रीम खरीदने के लिए उपभोक्ताओं को सीधे 50 रुपये अधिक खर्च करने होंगे।

दैनिक जरूरत के दूध की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है। आंचल गाय का दूध अब 58 रुपये के बजाय 60 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क की कीमत 60 रुपये से बढ़ाकर 63 रुपये तथा डबल टोंड मिल्क की कीमत 54 रुपये से बढ़ाकर 56 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।

इसी तरह आंचल गोल्ड फुल क्रीम मिल्क के छह लीटर पैक की कीमत 426 रुपये से बढ़ाकर 450 रुपये निर्धारित की गई है। वहीं आंचल शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क के छह लीटर पैक के लिए अब उपभोक्ताओं को 355 रुपये के बजाय 372 रुपये चुकाने होंगे। पनीर के शौकीनों को भी अब अधिक कीमत देनी होगी। आंचल पनीर के 180 ग्राम पैक की कीमत 80 रुपये से बढ़ाकर 85 रुपये कर दी गई है।

गौरतलब है कि इससे पहले 12 नवंबर 2026 को अमूल, मदर डेयरी सहित अन्य निजी दुग्ध कंपनियों ने भी दूध और दुग्ध उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। अब आंचल दुग्ध संघ द्वारा भी दरें बढ़ाए जाने से उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर महंगाई का एक और असर पड़ना तय है।

दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा ने बताया कि मूल्य संशोधन के संबंध में नई सूची जारी कर दी गई है। 20 नवंबर से सभी संबंधित उत्पाद नई निर्धारित दरों पर बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। ऐसे में अब दूध, पनीर और अन्य दुग्ध उत्पाद खरीदने वाले उपभोक्ताओं को अपनी जेब कुछ और ढीली करनी पड़ेगी।

उत्तराखंड