भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस ने शुरू किया हस्ताक्षर अभियान, सरकार को घेरा।
जल, जंगल और जमीन को मित्रों के हाथों बेचने का आरोप, आंदोलन तेज करने का लिया संकल्प।
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता
हल्दूचौड़। प्रदेश में कथित भ्रष्टाचार और सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बरेली रोड हल्दूचौड़ की ओर से हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस दौरान आयोजित बैठक में कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित प्रदेश सरकार के मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
बैठक में 66-लालकुआं विधानसभा प्रभारी परिमल राय मुख्य अतिथि तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश चंद्र दुम्का ने की।
वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में जहां हर घर से युवा सेना में जाने का सपना देखता है, वहीं आज प्रदेश का नौजवान बेरोजगारी से जूझ रहा है। जनता का उत्पीड़न हो रहा है और सरकार की नीतियों से आम लोगों के हित प्रभावित हो रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पटवाडांगर की 1364 एकड़ भूमि सहित प्रदेश की करीब सात हजार बीघा जमीन कौड़ियों के दाम पर निजी लोगों को सौंपने की तैयारी की जा रही है। इन जमीनों पर होटल निर्माण और एसटीपी लगाने की योजनाओं को लेकर भी उन्होंने पर्यावरण तथा जनस्वास्थ्य पर सवाल उठाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश के जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए पार्टी संघर्ष जारी रखेगी। सरकार पर लगाए गए आरोपों के विरोध में हस्ताक्षर अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
इस दौरान उमेश कबडवाल, हरेंद्र बोरा, हेमवती नंदन दुर्गापाल, रोजेंद्र सिंह बिष्ट, कुंदन मेहता, भुवन पांडे, शंकर जोशी, प्रदीप बथ्याल, हेमंत बगड़वाल, राजेंद्र दुर्गापाल, दयाकिशन कबडवाल, दयाकिशन बमेटा, संदीप पांडे, हरीश सिंह बिष्ट, एनडी पांडे, इंद्रलाल, रमेश जोशी, राजेंद्र खनवाल, जीवन दुम्का, भरत चंद्र तिवारी, मनीषा मलवाल, रामलाल, बीना जोशी, डॉ. बालम सिंह बिष्ट, हरीश शर्मा, कमल जोशी और बृजमोहन बेलवाल समेत तीन दर्जन से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में कैलाश चंद्र दुम्का ने सभी का आभार जताते हुए उत्तराखंड के जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष का संकल्प दिलाया।

